कांग्रेस के ''जय भारत सत्याग्रह'' अभियान को लेकर प्रतिभा सिंह ने की बैठक, जिला अध्यक्षों से किया ये आह्वान

punjabkesari.in Tuesday, Apr 11, 2023 - 06:19 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में आगामी 15 से 20 अप्रैल तक आयोजित किए जाने वाले जय भारत सत्याग्रह अभियान को सफल बनाने के कांग्रेस ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में एक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने की। बैठक में जिलाध्यक्षों ने भाग लिया। इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने पदाधिकारियों को जय भारत सत्याग्रह अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने की बहुत आवश्यकता है।

जिलाधीश कार्यालयों के बाहर होंगे धरना-प्रदर्शन
प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो पहल के बाद अब जय भारत सत्याग्रह को भी सफल बनाने की जिम्मेदारी कांग्रेस के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने जिलाध्यक्षों को सभी जिला मुख्यालयों में आगामी 15 से 20 अप्रैल के मध्य इस अभियान के तहत जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को कहा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर जय भारत अभियान तय सीमा में ही पूरा किया जाना है। 

अभियान में नेताओं से लेकर पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस अभियान में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों व अग्रणी सगंठनों के पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। इस अभियान में प्रबुद्ध वर्ग, सभी सहयोगी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए। बैठक में कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, कुलदीप सिंह पठानिया, अतुल शर्मा, जितेंद्र चौधरी, शिव कुमार, उमेश नेगी, अंजना धीमान, सेस राम आजाद व आनंद परमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

20 अप्रैल को मंडी में होगा आयोजन
प्रतिभा सिंह ने कहा की वह 20 अप्रैल को वह मंडी में जय भारत सत्याग्रह अभियान में शिरकत करेंगी। इसके साथ अन्य स्थानों पर जहां संभव होगा, वे अभियान में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश के वरिष्ठ नेता भी अभियान में शामिल होंगे।

विपक्ष की आवाज दबा रही केंद्र सरकार
प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार आज विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को लेकर संसद में पूछे गए सवालों के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता को रद्द कर दिया गया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की पोल खोलेगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News