सरकार बनने के बाद सरकार गिराने का सिस्टम गलत : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Friday, Nov 18, 2022 - 06:24 PM (IST)

शिमला (राक्टा): देश में किसी भी प्रदेश सरकार को बनने के बाद गिराने के लिए गलत हथकंड़े अपनाए जाने का सिस्टम गलत है। ऐसा किया जाना सीधेतौर पर लोकतंत्र की हत्या है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को हॉलीलाज में आयोजित पत्रकार वार्ता में ये बात कही। उन्होंने कहा कि जनमत को दरकिनार कर ईडी, आयकर और अन्य एजैंसियों के सहारे जीते हुए विधायकों पर दवाब बनाने के प्रयास कई राज्यों में देखने को मिल चुके हैं। ऐसा सिस्टम देवभूमि हिमाचल में देखने को न मिले, ये भगवान से प्रार्थना करते हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की 40 से 42 सीटों पर जीत तय है, बावजूद इसके सभी पहलुओं को देखते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष द्वारा हाईकमान से आग्राह किया जाएगा कि पर्यवेक्षकों की एक टीम हिमाचल भेजी जाए ताकि किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि चुनाव में कई आजाद प्रत्याशी भी उतरे हैं और कुछ बागी भी हैं, ऐसे में किसी पर भी दवाब बनाने के लिए यहां भी हथकंड़े अपनाए जाने से इंकार नहीं किया जा सकता। 

भाजपा नेताओं का बयान दुर्भाग्यपूर्ण 
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं का ये बयान दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस शासित प्रदेश को केंद्र से सहायता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की बौखलाहट और नाकारात्मक सोच को दर्शाता है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने लक्ष्मण रेखा लांघने में कोई कसर नहीं छोड़ी और राजनीतिक आधार पर सत्ताधारी दल का लाभ पहुंचाने तक के प्रयास किए। अधिकारियों को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखना चाहिए बल्कि अपने कर्तव्य का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सभी को अलर्ट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रामपुर से जुड़े मामले में हुई कार्रवाई का कांग्रेस स्वागत करती है लेकिन ऐसे मामले सामने आना चिंतनीय है। 

पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की होगी निष्पक्ष जांच
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही पुलिस भर्ती पेपर लीक केस की निष्पक्ष जांच करवाएगी। इस मामले में चाहे पुलिस अधिकारी संलिप्त हो या कोई नेता या कोई अन्य, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियामानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच की बात कही लेकिन अभी ऐसा हुआ नहीं। 

कांग्रेस की गारंटी जुमला नहीं, वीरभद्र विकास मॉडल से होगा विकास
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की 10 गारंटियां कोई जुमला नहीं है। सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट में ओपीएस बहाल की जाएगी। महिलाओं को 1500 रुपए पैंशन दिए जाने का वायदा पूरा किया जाएगा। वित्तिय प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा। फिजूलखर्ची को कम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद जो फीडबैक हर जगह से मिला है, उससे कांग्रेस का सत्ता में आना तय है। 8 दिसम्बर के बाद ओकओवर में नया चेहरा देखने को मिलेगा।

किसी पद की लालसा नहीं, हाईकमान लेगा निर्णय
विक्रमादित्य सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें न तो किसी पद की लालसा है ओर न ही वे किसी पद की दौड़ में है। उ जो जिम्मेदारी मिलेगी,उसके बखूबी निभााया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेतृत्व को लेकर चर्चा होगी और रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। उसके बाद हाईकमान सभी पहलुओं को देखते हुए अपना निर्णय लेगा, जो सभी काे मान्य होगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News