हिमाचल में बड़े फेरबदल की तैयारी में कांग्रेस, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गिरेगी गाज

punjabkesari.in Wednesday, Oct 23, 2019 - 03:49 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश कांग्रेस में फेरबदल की प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ेगी। इसके तहत दिसम्बर माह तक जिला और प्रदेश कार्यकारिणी में फेरबदल की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। सूचना के अनुसार इस माह के अंत तक शेष ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां करने के साथ ही नवम्बर माह के पहले सप्ताह तक ब्लॉक कार्यकारिणयों का विस्तार भी कर दिया जाएगा। इसके बाद जिला और प्रदेश कार्यकारिणी में फेरबदल की प्रकिया शुरू होगी। देखा जाए तो प्रदेश कांग्रेस संगठन में सक्रिय चेहरों को आगे लाने चाह रही है। इसके साथ ही युवाओं की भागीदारी भी संगठन में बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पदाधिकारियों के रिपोर्ट कार्ड का आकलन कर रही पार्टी

इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पार्टी के अग्रणी संगठन एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से बैठक भी कर चुके हैं। फेरबदल के तहत निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। बताया गया है कि पार्टी अपने स्तर पर भी पदाधिकारियों के रिपोर्ट कार्ड का आकलन कर रही है।  प्रदेश कार्यकारणी में फरेबदल को लेकर सभी वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की जाएगी और उस पर पार्टी हाईकमान की अंतिम निर्णय लेगा। सूचना है कि पार्टी जल्द ही कुछ प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति कर सकती है। प्रदेश और जिला स्तर पर प्रवक्ताओं की नियुक्तियां की जानी हैं।

पार्टी विरोधी गतिविधियों की नहीं मिली कोई शिकायत

धर्मशाला और पच्छाद उपचुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों से जुड़ी कोई शिकायत कांग्रेस को नहीं मिली है। पार्टी के अनुसार यदि कोई शिकायत मिलती है तो पार्टी नियामानुसार आगामी प्रक्रिया अमल में लाएगी।

क्या बोले प्रदेश कांग्रेस सचिव हिमराल

प्रदेश कांग्रेस के सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि ब्लॉक के बाद जिला और प्रदेश कार्यकारणी में फेरबदल की प्रकिया शुरु  होगी। उन्होंने बताया कि धर्मशाला और पच्छाद उपचुनाव के चलते कुछ ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हो पाई थी जो जल्द कर दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News