हिमाचल में नशा बांटने वालाें पर पुलिस का बड़ा एक्शन, चिट्टा तस्करी का मुख्य सरगना पंजाब से गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 07:54 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में चिट्टे (हैरोइन) की सप्लाई चैन को तोड़ने के लिए बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ा प्रहार किया है। सदर थाना पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले में कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पंजाब के पटियाला में दबिश दी और नशे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में अब तक 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार कुछ समय पूर्व सदर थाना पुलिस ने 17.88 ग्राम चिट्टे के साथ राजेंद्र कुमार और सुमन कुमार नामक आरोपियों को पकड़ा था। पुलिस ने जब इनसे सख्ती से पूछताछ की और इनके मोबाइल व अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला, तो नशे की इस चेन में एक तीसरे आरोपी निखिल कुमार का नाम सामने आया। पुलिस ने निखिल को 20 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।

निखिल से हुई गहन पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ कि चिट्टे की यह खेप पंजाब से हिमाचल लाई जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की पहचान पटियाला निवासी जसपाल के रूप में की। पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने पंजाब का रुख किया और पटियाला में दबिश देकर मुख्य सप्लायर जसपाल सिंह उर्फ जस्सा (36) को दबोच लिया। आरोपी जसपाल गांव जोगे वाला, डाकघर एवं तहसील पातड़ां, जिला पटियाला (पंजाब) का निवासी है।

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि नशे के इस नैटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (नशा कहां से आया और कहां जाना था) की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों को भी बेनकाब कर सलाखों के पीछे डाला जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News