Shimla: कांग्रेस ने महिलाओं के साथ किया विश्वासघात, चुनावी वायदा हुआ ढेर : वैद्य
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 06:19 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने कांग्रेस सरकार पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनावी वायदे ढेर हो गए हैं तथा 28 लाख महिलाओं को 1,500 रुपए देने के स्थान पर सरकार ने सिर्फ 2 लाख महिलाओं को इसके दायरे में लाया है। पायल वैद्य ने शिमला से जारी बयान में कहा कि सरकार ने योजना का दायरा सीमित करते हुए 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग की युवतियों को योजना से बाहर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पहले एक परिवार से एक महिला की शर्त लगाई गई, फिर आय सीमा निर्धारित की गई और अब आयु सीमा में संशोधन कर हजारों युवतियों को भी योजना से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के नाम पर वोट तो ले लिए, लेकिन अब उन्हीं महिलाओं को पात्रता की नई-नई शर्तों में उलझाकर लाभ से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने और हर वर्ष 1 लाख युवाओं को पैंशन वाली पक्की नौकरी देने जैसे झूठे वायदे किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को अपने अधूरे वायदों और विश्वासघात का जवाब जनता के बीच देना होगा।

