जहरीली शराब कांड मामले पर हमलावर हुई कांग्रेस, कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष का कृषि मंत्री पर हमला

punjabkesari.in Saturday, Feb 05, 2022 - 03:07 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : जहरीली शराब कांड मामले को लेकर जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पारा काफी ऊपर जा चुका है। शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक शर्मा ने जिला मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान जहरीली शराब कांड मामले के अभियुक्तों द्वारा किए गए खुलासों को लेकर कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब कांड के दोनों अभियुक्तों का गुरु कुटलैहड़ का रंगीलू है। यह वही रंगीलू है जिसके पास से अवैध शराब और शराब बनाने के रॉ मटेरियल का बड़ा जखीरा पकड़े जाने के बावजूद कोई कार्रवाई आज तक अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच करवाई जाए और जहरीली शराब कांड के आरोपियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले नेताओं पर भी शिकंजा कसा जाए। 

मंडी जिला के सुंदरनगर में हुए जहरीली शराब कांड मामले की जांच जिला के कुटलैहड़ सभा क्षेत्र तक पहुंची है। शराब कांड के आरोपियों द्वारा किए गए खुलासों के बाद कांग्रेस प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर पर हमलावर हो चुकी है। शनिवार को जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में हुई प्रेसवार्ता के दौरान कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष विवेक शर्मा ने कहा कि जहरीली शराब कांड में पकड़े गौरव और गुरदेव ने बंगाणा के शराब माफिया रंगीलू को अपना गुरु बताया है और कुटलैहड का बच्चा बच्चा जानता है कि रंगीलू किस मंत्री का चेला है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के पुलिस प्रमुख से मांग की है कि शराब माफिया कि जिन लोगों की वजह से लोगों को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा है उन पर कार्यवाही करने के साथ साथ नेताओं पर भी शिकंजा कसा जाए जिनका हाथ इस तरह के माफिया पर सदैव रहा है।

विवेक शर्मा ने आरोप जड़ा कि जब भी रंगीलू जैसे लोग पुलिस की गिरफ्त में आए तब उनके खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। पूर्व में भी बंगाणा में जब हजारों लीटर स्पिरिट और अवैध शराब का कारखाना उक्त व्यक्ति से पकड़ा गया, तब भी राजनीतिक संरक्षण के चलते हैं वह आसानी से बच निकला था। उन्होंने शराब कांड के आरोपियों की कांग्रेस के साथ सांठगांठ को लेकर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि यदि रंगीलू जैसे लोग कांग्रेस से जुड़े हैं तो भाजपा सरकार उन पर कार्रवाई करने से कतरा क्यों रही है। उन्होंने चुनौती दी है कि भाजपा के लोग शराब कांड के आरोपियों और उसके साथ-साथ उनके गुरु रंगीलू का कांग्रेस के साथ कनेक्शन साबित करके बताएं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News