कांगड़ा में असमंजस में आमजन, प्रशासन ने बताया कैसा रहेगा वीकेंड लाॅकडाउन

punjabkesari.in Saturday, Apr 24, 2021 - 11:28 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो) : जिला कांगड़ा में वीकैंड पर लगी बंदिशों को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या खुला रहेगा और क्या नहीं। साथ ही घर से निकलने की अनमुति है या नहीं। ऐसे में प्रशासन ने इस स्थिति को स्पष्ट किया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कुछ जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी। रेस्टोरेंट, मिठाईयों व ढाबा आदि पर भी ये आदेश लागू होंगे। शनिवार व रविवार को मात्र फल-सब्जी, दूध व दवाईयों की दुकानों को ही खोलने की अनुमति है। वहीं सरकारी व गैर सरकारी अस्पताल, वैटरीनरी अस्पताल, स्वास्थ्य से संबंधित इकाईयां, होटल भी खुले रहेंगे। यहां बता दें कि एक ही दुकान में 2 प्रकार की दुकानदारी जैसे कि यदि कोई दुकान किराने की है और उसमें दूध या फल-सब्जी आदि भी बेचा जा रहा है तो उसे भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही लोगों को आवाजाही पर कोई बंदिश नहीं है। लोग अपने-अपने जरूरी कार्यों के लिए आ-जा सकते हैं। जिला प्रशासन के अनुसार आजकल विवाह-शादियों का सीजन है। ऐसे में लोग बिना हिचकिचाहट के लोग इन समारोहों में हिस्सा ले सकते हैं। वैक्सीनेशन आदि के लिए जाने पर भी कोई पाबंदी नहीं है।

नहीं लगेंगे नाके, पेट्रोलिंग होगी

शनिवार व रविवार को लगी बंदिशों के चलते पुलिस द्वारा नाके नहीं लगाए जाएंगे। हालांकि पुलिस पेट्रोलिंग करते हुए जरूर दिखेगी। जानकारी के अनुसार बाजारों या गांवों में दुकानें खोली गई हैं या नहीं इस पर भी पुलिस नजर रखेगी। पुलिस गांवों में जाकर स्थिति का जायजा ले सकती है। यदि इस दौरान पुलिस को गैर जरूरी सामान की दुकान खुली हुई मिलती है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

नाइट कर्फ्यू में नहीं है ढील

जिला प्रशासन ने वीकेंड पर बंदिशें लगाने के साथ-साथ पूरा सप्ताह रात 8 से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया हुआ है। शनिवार व रविवार को बंदिशों के बावजूद लोगों को आवाजाही पर नहीं रोका जाएगा, लेकिन नाइट कर्फ्यू में कोई ढील नहीं बरती जाएगी। प्रशासन नाइट कर्फ्यूका सख्ती से पालन करवाएगा। बिना वजह इसका उल्लंघन करने वालों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

15 प्रतिशत बसें चलाएंगेः हैप्पी

जिला कांगड़ा प्राइवेट बस आॅपरेटर संघ के अध्यक्ष हैप्पी अवस्थी ने बताया कि शनिवार व रविवार को वह मात्र 15 प्रतिशत बसें ही चलाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बाजारों को बंद रखने के आदेश दिए हैं तो ऐसे में लोग घर से कम ही निकलेंगे। इस कारण मात्र 15 प्रतिशत बसें ही चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि पूरी बसों को चलाएंगे तो आॅपरेटरों को काफी नुकसान हो सकता है। उनके अनुसार यदि कोरोना की चेन को तोडना है तो शनिवार व रविवार को सभी गतिविधियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाना चाहिए। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि यह लॉकडाउन नहीं है। जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानें बंद रखी जाएंगी। लोगों के आने-जाने पर कोई रोक नहीं है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News