भीषण अग्निकांड: देखते ही देखते आग का गोला बने 6 ट्रैक्टर, एजैंसी में मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 01:41 PM (IST)
घुमारवीं/बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला अंतर्गत उपमंडल घुमारवीं में एक अग्निकांड का मामला सामने आया है। यहां बल्लू क्षेत्र के समीप स्थित स्वराज माजदा ट्रैक्टर एजैंसी के परिसर में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में परिसर में खड़े 6 ट्रैक्टर पूरी तरह से चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एजैंसी को भारी आर्थिक नुक्सान पहुंचा है।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार एजैंसी परिसर में अचानक धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इससे पहले कि कोई आग बुझाने का प्रयास करता या स्थिति को समझ पाता, आग ने तेजी से फैलते हुए विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से वहां खड़े 6 ट्रैक्टर चंद मिनटों में ही आग का गोला बन गए। हादसे की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मी तत्परता के साथ आग पर पूरी तरह से काबू पाने और इसे आसपास के भवनों व अन्य वाहनों तक फैलने से रोकने के प्रयासों में जुट गए।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग के अनुसार आग पर पूर्ण नियंत्रण पाने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही नुक्सान का विस्तृत आकलन किया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

