Himachal: सीएम सुक्खू बाेले-हाईकमान जिसे मर्जी बनाए अध्यक्ष, मेरे लिए सब बराबर
punjabkesari.in Saturday, Aug 23, 2025 - 06:58 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस हाईकमान जिसे मर्जी अध्यक्ष बनाए, उनके लिए सब बराबर है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई विशेष गुट नहीं रहा है और सभी कांग्रेस विचारधारा के साथ चल रहे हैं। ऐसे में किसी भी नेता को अध्यक्ष बनाते हैं, उसको पूरा समर्थन मिलेगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। विपक्ष के नेता कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। उन्होंने नियम-67 के तहत प्राकृतिक आपदा को लेकर हुई चर्चा पर भाजपा के वॉकआऊट को गलत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने इसी मुद्दे पर नियम-130 के तहत आपदा पर चर्चा का प्रस्ताव दिया था। बाद में उन्होंने विधानसभ अध्यक्ष से नियम-67 के तहत इसका आग्रह किया, जिस पर 4 दिन चर्चा हुई। इससे बाद चर्चा का उत्तर सुनने के लिए विपक्ष सदन में मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जो नियम-67 की बात कर रहे थे, वह सदन में आए भी नहीं।
हमने अपने वित्तीय संसाधनों से बेहतर पैकेज दिया, जो कहीं नहीं मिल रहा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ने प्रतिकूल वित्तीय हालात होने के बावजूद अपने संसाधनों से बेहतर पैकेज दिया, जो कहीं नहीं मिल रहा है। इसके तहत घर बनाने के लिए 7 लाख रुपए, घर में कपड़े व सामान के नष्ट होने पर 70 हजार रुपए, कच्चा घर टूटने पर 25 हजार रुपए से 1 लाख रुपए और गाय-भैंस जैसे पशुधन पर 55 हजार रुपए दिए। इसके बावजूद भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है, जो सही नहीं है।
केंद्रीय गृह सचिव से विशेष पैकेज देने की मांग करुंगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के दौरे पर आए केंद्रीय गृह सचिव से वह विशेष पैकेज देने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए विशेष पैकेज दिया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बादल फटने और बाढ़ आने की घटनाएं मौसम परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के कारण हो रही है। आज इसका असर हिमाचल प्रदेश पर पड़ रहा है तथा आने वाले समय में दूसरे राज्यों में पड़ेगा। ऐसे में इस विषय का अध्ययन करके विकल्प तलाशने की आवश्यकता है।
राहुल गांधी की यात्रा में जाने का कार्यक्रम नहीं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मौजूदा समय में विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। इसको देखते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की यात्रा में जाने का कोई कार्यक्रम नहीं है।