Himachal: भाजपा ने हिमाचल की संपदा व जनता के धन को लुटाया, जयराम का गणित कमजोर : सुक्खू

punjabkesari.in Saturday, Oct 12, 2024 - 06:54 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए हिमाचल प्रदेश की संपदा और जनता के धन को लुटाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने धन को सही तरीके से खर्च किया होता तो आज ऐसे हालात पैदा नहीं होते। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का गणित कमजोर है। इसी कारण जो उनको लिखकर दिया जाता है, वह उसको पढ़ देते हैं।

नेता प्रतिपक्ष केंद्र से मिलने वाली मदद के बारे में टिप्पणी करते समय यह भूल जाते हैं कि उनके समय भी यह राशि नियमित अंतराल पर मिलती थी। केंद्र से टैक्स शेयर के रूप में प्रदेश को 1400 करोड़ रुपए मिले हैं, जबकि राज्य सरकार ने कर्मचारी-पैंशनरों को 2800 करोड़ रुपए के लाभ दिए हैं। वह प्रदेश के वित्त मंत्री रहे हैं तथा उनको पता होना चाहिए कि एक माह में वेतन और पैंशन पर 2000 करोड़ रुपए खर्च आता है। सरकार ने 4 फीसदी डीए देकर 600 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान भी किया है।

इसी तरह 75 वर्ष से ऊपर के कर्मचारियों को एरियर के 200 करोड़ रुपए और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 20 हजार रुपए एरियर के रूप में दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वित्तीय अनुशासन को अपनाते हुए व्यवस्था परिवर्तन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाई मीडिया के सामने आकर उलटे-सीधे बयान देते हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News