Himachal: गरीब परिवारों को बड़ी राहत! जारी रहेगी BPL योजना, 2 अक्तूबर से होगा नई योजना का आगाज

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 04:25 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में गरीब परिवारों के कल्याण को लेकर चल रहे असमंजस को राज्य सरकार ने पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है। सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में केंद्र सरकार के निर्धारित कोटे के तहत चल रही बीपीएल योजना बंद नहीं होगी। इसके साथ ही, अति निर्धन परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार 2 अक्तूबर से अपनी एक नई कल्याणकारी योजना शुरू करने जा रही है। इसका सीधा अर्थ है कि प्रदेश में अब गरीब और जरूरतमंदों के लिए केंद्र और राज्य की दो अलग-अलग योजनाएं समानांतर रूप से काम करेंगी।

ग्राम सभाएं तय करेंगी बीपीएल की पात्रता
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार बीपीएल सूची में शामिल किसी भी परिवार को सीधे तौर पर बाहर नहीं किया जाएगा। वर्तमान में सूची में दर्ज परिवारों की स्थिति यथावत बनी रहेगी। सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए बीपीएल सूची में नए नाम जोड़ने या अपात्र लोगों को हटाने का पूरा अधिकार एक बार फिर से 'ग्राम सभा' को सौंप दिया है। ग्राम सभाएं निर्धारित विभागीय नियमों और मापदंडों के तहत ही यह फैसला लेंगी, जिससे इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी और सही हकदार को लाभ मिलेगा।

2 अक्तूबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना
बीपीएल योजना के समानांतर, राज्य सरकार लक्षित (अति निर्धन) वर्ग के लिए आगामी 2 अक्तूबर से मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना का शुभारंभ करने जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के सबसे कमजोर और गरीब तबके को महंगाई से राहत देना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। यह योजना पूरी तरह से राज्य सरकार के संसाधनों द्वारा संचालित की जाएगी।

नई योजना में मिलेंगे ये 2 बड़े लाभ
इस नई योजना के तहत गरीब परिवारों को दो बड़ी सौगातें दी जाएंगी। योजना के तहत पात्र अति निर्धन परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक बिजली बिल्कुल मुफ्त प्रदान की जाएगी। इन परिवारों की 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह की सम्मान राशि दी जाएगी, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें।

आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में
विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना को धरातल पर उतारने के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही पात्र परिवारों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार के इस स्पष्टीकरण और नई योजना की घोषणा से प्रदेश के उन हजारों गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें बीपीएल सूची से बाहर होने का डर सता रहा था।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News