अनुराग केंद्रीय मंत्री न होते तो नहीं मिलता हिमाचल को तोहफा : सुक्खू
punjabkesari.in Thursday, Feb 16, 2023 - 05:20 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डी.डी. हिमाचल की सेवाएं 24 घंटे शुरू होने के अवसर पर कहा कि यदि केंद्र में अनुराग ठाकुर सूचना एवं प्रसारण मंत्री न होते तो हिमाचल प्रदेश को यह तोहफा नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से सिर्फ 4 सांसद आते हैं, जिस कारण यहां की आवाज को अनसुना कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से केंद्रीय योजनाओं का पूरा लाभ उठाया जाएगा। ऐसे में केंद्र से योजनाएं लाने में अनुराग ठाकुर के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने 70 लाख की आबादी वाले हिमाचल प्रदेश को 24 घंटे डीडी हिमाचल प्रसारण के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन के राष्ट्रीय प्रसारण की शुरूआत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने की थी तथा समय के साथ-साथ दूरदर्शन में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन आए हैं।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेंगे
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार दलगत राजनीति में विश्वास नहीं करती और केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेशवासियों को जन-सुविधाएं प्रदान करने और राज्य के विकास के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेलों का आधारभूत ढांचा मजबूत करने की आवश्यकता है, जिसके लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र की अन्य योजनाओं में भी हिमाचल प्रदेश को उसका हक मिलना चाहिए।
पर्यटन से संबंधित कार्यक्रमों में मदद करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीडी हिमाचल पर पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर आधारित कार्यक्रमों को तैयार करने में प्रदेश सरकार मदद करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन बढ़ेगा तो इससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने प्रसार भारती प्राधिकरण से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध पर्यटन क्षमता को देश व विदेश में प्रसारित करें, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां भ्रमण पर आएं।
हिमाचल की लोक संस्कृति को मिलेगा मंच : सुरेश कश्यप
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि डीडी हिमाचल का प्रसारण 24 घंटे शुरू होने से हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति को मंच मिलेगा। उन्होंने यह सेवा शुरू करने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार जताया। इससे पहले केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सम्मानित किया। प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, विधायक, दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here