Bilaspur: CM सुक्खू ने औहर में रखी पर्यटन परिसर की आधारशिला, 150 करोड़ की राशि से होगा निर्माण

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2024 - 06:24 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को फोरलेन किनारे स्थित औहर कस्बे में एक नए पर्यटन परिसर की आधारशिला रखी। 150 करोड़ की राशि से 2 चरणों में बनने वाले इस भव्य पर्यटन परिसर के प्रथम चरण का निर्माण 33.75 करोड़ रुपए की लागत से होने वाला है। इसी प्रथम चरण के निर्माण की आधारशिला रविवार को प्रदेश मुख्यमंत्री ने रखी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण यह नया पर्यटन परिसर पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस पर्यटन परिसर को गोबिंदसागर झील में जलक्रीड़ा गतिविधियों के साथ जोड़ा जाएगा ताकि पर्यटक भरपूर आनंद ले सकें व इस क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में भी वृद्धि हो सके। 

हिमाचल को देश का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए सरकार प्रयासरत
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पर्यटन के बुनियादी ढांचे में सुधार कर रही है, जिससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। प्रदेश सरकार हिमाचल को देश का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में हर सम्भव प्रयास सरकार कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लम्बरदार जल कल्याण संघ ने मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 31 हजार रुपए की राशि का चैक भेंट किया। इस अवसर पर नगर नियोजन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व विधायक बाबू राम गौतम और तिलक राज, कांग्रेस नेता विवेक कुमार और डाॅ. पुष्पेंद्र वर्मा, डीसी आबिद हुसैन सादिक और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

परिसर में बनेगा 300 लोगों की क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल व फूड कोर्ट 
औहर में निर्मित होने वाला यह पर्यटन परिसर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इस परिसर में होटल ब्लॉक, फूड कोर्ट और मनोरंजन क्षेत्र शामिल होंगे। इस परियोजना का कार्य दो वर्ष के भीतर पूरा होने की संभावना है। इस परिसर के होटल में स्वागत व प्रतीक्षा क्षेत्र, 60 लोगों की क्षमता वाला रेस्टोरैंट, 30 लोगों की क्षमता वाला काॅन्फ्रैंस कक्ष, 400 लोगों के लिए धाम हॉल, 300 लोगों की क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल तथा आराम कक्ष, रसोई व शौचालय की सुविधाएं होंगी। होटल में 40 अतिथि कक्ष, 214 लोगों की क्षमता वाला फूड कोर्ट, 8 स्टाल, एक पिकअप क्षेत्र, महिलाओं व पुरुषों के लिए शौचालय तथा बच्चों के खेलने का क्षेत्र सहित ग्रीन एरिया की सुविधा भी होगी।

स्वीमिंग पूल, जिम व स्पा सहित मसाज कक्ष होंगे विशेष आकर्षण
इसके अतिरिक्त मनोरंजन क्षेत्र में स्वीमिंग पूल, जिम व स्पा, पैंट्री, स्टोर, बैक ऑफिस और धरातल में शौचालय सुविधा होगी। पहली मंजिल में पूल, इंडोर खेल कक्ष, लॉबी क्षेत्र, 4 मसाज कक्ष और अतिरिक्त शौचालय की सुविधा होगी। इसके अलावा इस परिसर में 50 केएलडी क्षमता वाला मल निकासी संयंत्र भी प्रस्तावित है और परिसर में हरी घास, रॉयल पाम वृक्ष तथा स्प्रिंकलर प्रणाली भी विकसित की जाएगी। परिसर निर्माण का दूसरा चरण सड़क के दूसरी ओर विपरीत दिशा में बनाया जाएगा और दोनों खंड आपस में जुड़े होंगे। दूसरे चरण के निर्माण में बच्चों के लिए एक मनोरंजन पार्क, एक फूड कोर्ट और अन्य आवश्यक सुविधाएं होंगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News