कांग्रेस के 6 काले नागों ने बेचा अपना ईमान, अब कैदी बनकर बैठे हैं : सुक्खू

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 05:54 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): भाजपा के साथ कांग्रेस के 6 काले नागों ने अपना ईमान बेचकर हमारी सरकार को गिराने का प्रयास किया। अब स्थिति यह हो गई है कि पार्टी से गद्दारी करने वाले यह 6 काले नाग कैदी की तरह कहीं छिपकर बैठे हुए हैं। उनके परिवार को भी उनकी खबर तक नहीं है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। कसौली निर्वाचन क्षेत्र के धर्मपुर में जनसभा करते हुए उन्होंने कह कि पैसे के प्रलोभन में जो व्यक्ति अपना ईमान बेच सकता है, वह अपने विधानसभा क्षेत्र की क्या सेवा करेगा। वह सेवा नहीं करेगा बल्कि चुनकर धन कमाएगा। ऐसे लोग पैसे के दम पर विधायक बनते हैं और गरीब लोगों का शोषण करते हैं। वे ऐसी संपदा को पैदा करते हैं जिससे उनके पास ताकत रहे। मैं प्रदेश की ऐसी संपदा को लूटने नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि गद्दारों के साथ भगवान भी नहीं है। मुझे जो कहते थे कि भगवान भी आपको बचा नहीं सकते उस भगवान ने हमारी सत्ता को बचाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कुछ काले नाग आए दिन कांग्रेस की विचार धारा काे डस रहे हैं। मैं इन चीजों से घबराने वाला नहीं हूं। 

बागियों पर कसा तंज, बोले-इतना ऊंचा व्यक्तित्व था तो निर्दलीय चुनाव लड़ते
मुख्यमंत्री ने बताया कि 28 फरवरी को विधानसभा में बजट पास होना था लेकिन भाजपा ने 27 फरवरी को विधानसभा अध्यक्ष के पास जाकर उन्हें धमकाया। 28 फरवरी को जिस दिन बजट पारित होना था कांग्रेस के 6 बागी सड़क रास्ते से नहीं आए। सीआरपीएफ उन्हें मिली, हरियाणा पुलिस उन्हें मिली और हैलीकाप्टर से आए और विधानसभा के अंदर कांग्रेस के पक्ष में बोलने के लिए नहीं बैठे। यह कैसा लोकतंत्र है, जहां सीआरपीएफ व हरियाणा पुलिस बैठी है। उन्होंने 6 बागियों पर तंज कसते हुए कहा कि यदि उनका इतना ऊंचा व्यक्तित्व था तो निर्दलीय चुनाव लड़ते। मैं कभी कल्पना भी नहीं कर सकता जिस पार्टी को हम मां कहते हैं और जिस हाथ के निशान पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचते हैं, उसके साथ गद्दारी करें।

जयराम की सत्ता भूख नहीं जा रही
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की सत्ता भूख नहीं जा रही है। वह कह रहे हैं कि ऑप्रेशन लोटस होकर रहेगा। सुक्खू ने कहा कि ऑप्रेशन लोटस से वे डरते हैं जो कुर्सी के साथ चिपके रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि आम आदमी व गरीब की सेवा के लिए सत्ता में आए हैं। अब वक्त भाजपा को सबक सिखाने का है।

मुख्यमंत्री हुए भावुक, बोले-मुझे आपका साथ चाहिए
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री उस समय भावुक हो गए जब वे अपने बजट की कल्याणकारी नीतियों की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जब यह बजट विधानसभा में पारित होना था तो उस दिन हमारी सरकार को गिराने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री को भावुक देखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। सुक्खू ने बताया कि उनकी सरकार ने पिछले वर्ष जब अपने पहले बजट में कालेधन पर लगाम लगाई तो भ्रष्टाचार से धन कमाने वाला एक वर्ग उनके खिलाफ हो गया था। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि मुझे केवल आपका साथ चाहिए।

राहुल गांधी ने मुझे मुख्यमंत्री बनाते हुए कहा था कि आम लोगों की सेवा करना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 40 वर्षों से कांग्रेस के सच्चे सिपाही के रूप में काम कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जब उन्हें मुख्यमंत्री बनाया था तो केवल इतना कहा कि आम जनता व गरीब लोगों की सेवा करना। उनकी सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News