खुली जीप छोड़कर जलेब में डेढ़ किलोमीटर पैदल चले सीएम सुक्खू, लोगों में सैल्फी के लिए दिखा क्रेज
punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 04:18 PM (IST)

मंडी (ब्यूरो): अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुरानी प्रथाओं को तोड़कर शाही जलेब में देवताओं के साथ पैदल यात्रा की, जिसका देव समाज ने खुलकर स्वागत किया। मुख्यंमत्री ने राजदेवता माधोराय मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात खुली जीप छोड़कर डीसी कार्यालय से लेकर पड्डल मैदान तक लगभग डेढ़ किलोमीटर पदयात्रा की। मंडी की स्थानीय जनता, विशेष रूप से देव समाज ने शाही कल्चर को त्याग कर एक आम श्रद्धालु की तरह जलेब में शामिल होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को विशेष धन्यवाद दिया है। पूरा मंडी शहर मुख्यमंत्री की सादगी का कायल हुआ। वहां उपस्थित सभी लोगों ने उनके इस व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू इतने बड़े पद पर आसीन होने के बावजूद भी जमीन से जुड़े हैं और सत्ता में होने के बावजूद वह बिल्कुल भी बदले नहीं हैं।
इसके अतिरिक्त सीएम ने आम और खास के फर्क को मिटा कर देर शाम सेरी मंच के चनणी में बैठकर सांस्कृतिक संध्या का लुत्फ उठाया। लगभग एक दशक बाद प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री ने इस स्थान पर बैठकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया। सांस्कृतिक संध्या के दौरान मुख्यमंत्री मंच छोड़कर सीधे जनता के बीच गए और सभी का अभिवादन स्वीकार किया। स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ सैल्फी लेने को लेकर भी भारी क्रेज दिखा और लोगों ने जमकर सैल्फी खिंचवाई।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here