Shimla: राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सीएम सुक्खू ने अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि, जानिए क्या कहा

punjabkesari.in Wednesday, May 21, 2025 - 02:52 PM (IST)

शिमला: पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को राजधानी शिमला में भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक में राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, अधिकारी और कांग्रेस के शीर्ष नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजीव गांधी न केवल एक दूरदर्शी नेता थे, बल्कि उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने की ठोस नींव रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार राजीव गांधी के उस विजन को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है, जिसमें समाज के कमजोर, वंचित और ग्रामीण तबकों का समग्र विकास प्राथमिकता में है।

पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को दिलाया 33 प्रतिशत आरक्षण 
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति, पंचायती राज सशक्तिकरण और युवाओं को आधुनिक भारत का भागीदार बनाने के कई ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने का श्रेय भी राजीव गांधी को ही जाता है, जिससे देश की आधी आबादी को नेतृत्व में भागीदारी का अवसर मिला।

राजीव गांधी के नाम शुरू की महत्वपूर्ण योजनाएं
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राजीव गांधी के दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय खोले जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इसके अतिरिक्त राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को स्वावलंबन की दिशा में बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने के लिए 50 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जा रहा है।

देश की एकता और अखंडता की दिलाई शपथ
मुख्यमंत्री ने सद्भावना चौक में उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता की शपथ भी दिलाई। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश सचिवालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने वाली शक्तियों से सतर्क रहना आज भी उतना ही जरूरी है जितना राजीव गांधी के समय था।

ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पर्यटन निगम अध्यक्ष आरएस बाली, नगर निगम महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, विधायक विवेक शर्मा, वन निगम उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, सहकारी बैंक अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, कांगड़ा बैंक अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News