शून्यकाल : आपदा से प्रभावित सभी क्षेत्रों में राशन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी : सुक्खू

punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 10:29 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार सभी क्षेत्रों में राशन एवं रसोई गैस जैसे सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी। इसी तरह आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तिरपाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के डीसी को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने यह बात विधायक डा. हंसराज और त्रिलोक जम्वाल की तरफ से शून्यकाल में उठाए मामले के उत्तर में दी। विधायक डा. हंसराज ने चुराह, पांगी और तरेला सहित चंबा जिले के अन्य स्थानों पर राशन की कमी का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन को राशन की कमी को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

वहीं विधायक रीना कश्यप ने सराहां अस्पताल में डॉक्टरों के खाली पद भरने की मांग की। इसके अलावा विधायक रणधीर शर्मा ने श्री नयना देवी में अनेक बस रूट बंद होने का मामला उठाया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आश्वासन दिया किया वह ऐसे बस रूटों को बहाल करने का प्रयास करेंगे। शून्यकाल के दौरान विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि पिछले कल से 66 केवी सब स्टेशन के बंद होने से चौपाल अंधेरे में डूबा है। ऐसे में सरकार को जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करनी चाहिए। मुख्यमंत्री आश्वस्त किया कि सरकार जल्द विद्युत आपूर्ति को बहाल करेगी। विधायक विनोद कुमार ने सरकार की तरफ से घोषित आदर्श अस्पताल गोहर में डॉक्टरों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का मामला उठाया।

8 पटवार सर्कल बिलासपुर सदर में रखे जाएं : रणधीर
विधायक रणधीर शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के 8 पटवार सर्कल को पहले की तरह बिलासपुर सदर में जोड़े जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन्हें नम्होल उप तहसील से जोड़ा गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

स्वास्थ्य संस्थानों की सुध ले सरकार : गांधी
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों में मैडीकल-पैरा मैडीकल स्टाफ कमी के साथ आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल रत्ती, सीएचसी गागल और मैडीकल कालेज नेरचौक में इन समस्याओं को दूर करने की मांग की।

राजा हरमिंद्र सिंह काश्तकारों को मिले हक : बिक्रम
विधायक बिक्रम सिंह ने कहा कि राजा हरमिंद्र सिंह की जमीन के काश्तकारों को उनका हक नहीं मिल रहा है और वह सरकार के पास फंस गई है। उन्होंने कहा कि कुछ कोर्ट से केस जीत गए हैं, लेकिन कई अभी भी अपने अधिकार से वंचित हैं।

गैर जरूरी कानून निरस्त हो : कटवाल
विधायक जीतराम कटवाल ने समय के साथ अपना महत्व खो चुके गैर जरूरी कानूनों को निरस्त करने की मांग की। इसके लिए मुख्य सचिव और विधायकों की समिति को दायित्व सौंपा जाना चाहिए।

बाली ने उठाया नगरोटा में नुक्सान का मामला
विधायक आरएस बाली ने नगरोटा बगवां में भारी वर्षा से हुए नुक्सान का मामला उठाया। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आश्वासन दिया कि सरकार उनके विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुक्सान की भरपाई दूसरे स्थानों पर हुए नुक्सान की तरह करेगी।

नालों से पांवटा साहिब में हो रहा नुक्सान : चौधरी
विधायक सुखराम चौधरी ने पांवटा साहिब में नालों से होने वाले नुक्सान की तरफ सदन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि इस कारण 1 व्यक्ति और 1 पशु की मौत के अलावा संपत्ति को अलग से नुक्सान पहुंचा है और 50 घर खतरे की जद में हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार खतरे की जद में आए 50 घरों के नुक्सान का ख्याल रखेगी। उन्होंने कहा कि वह इस संदर्भ में डीसी से बात करेंगे।

राशन-रसोई गैस कमी को दूर करे सरकार : शौरी
विधायक सुरेंद्र शौरी ने बंजार में राशन और रसोई गैस की कमी को दूर करने की मांग की। उन्होंने बुशैणी स्कूल भवन को भूस्खलन से हुए खतरे का मामला भी उठाया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार को इन मामलों का संज्ञान लेने को कहा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News