Kangra: धर्मशाला को CM सुक्खू की बड़ी सौगात, 24.47 करोड़ से निर्मित हाईटैक ''समृद्धि भवन'' किया लोकार्पित
punjabkesari.in Tuesday, Dec 02, 2025 - 04:45 PM (IST)
धर्मशाला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला में 24.47 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित समृद्धि भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। इस भवन के शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को एक ही छत के नीचे आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस भवन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बनावट है। कांगड़ा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और भूकंप जाेन-5 को ध्यान में रखते हुए इसे विशेष तकनीकी और बेहतरीन अधोसंरचना के साथ डिजा इन किया गया है, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है। 2511 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस भवन में एक ग्राऊंड फ्लोर, चार मंजिलें और दो बेसमैंट बनाए गए हैं। पार्किंग की समस्या को देखते हुए डबल बेसमैंट में 80 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां स्टाफ और आम जनता के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित हैं।
ग्रीन एनर्जी और सुरक्षा पर विशेष फोकस
यह भवन न केवल सुरक्षित है, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है। इसमें 50 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग टैंक और 30,000 लीटर की जल संग्रहण क्षमता मौजूद है। इसके अलावा, स्मोक डिटैक्टर युक्त अग्निशमन प्रणाली, डीजी सैट और इंटरकॉम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।
क्या बाेले मुख्यमंत्री
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्धि भवन प्रशासनिक निपुणता और नागरिक सेवाओं के लिए एक अत्याधुनिक हब के तौर पर कार्य करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह भवन राज्य में भविष्य की शहरी अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए एक मॉडल के रूप में स्थापित होगा और इससे धर्मशाला में कामकाज सुगम होगा। इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर, धर्मशाला की महापौर नीनू शर्मा, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, हिमाचल प्रदेश वूल फैडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

