Kangra: अग्निवीर जवान के साथ हुई बड़ी अनहोनी, बुझ गया घर का इकलौता चिराग; सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 12:31 PM (IST)
नगरोटा सूरियां (नंदपुरी): जिला कांगड़ा के उपमंडल ज्वाली की पंचायत बेही पठियार के 20 वर्षीय अग्निवीर जवान अमनीत कुमार की एक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। सोमवार शाम को यह हादसा उस समय हुआ जब अमनीत अपनी छुट्टियां पूरी कर वापस ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार डोगरा रेजिमेंट में तैनात अमनीत पुत्र बलवंत सिंह अपनी यूनिट ज्वाइन करने के लिए निकले थे। जौंटा के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत नूरपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अमनीत वर्तमान में हैदराबाद में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अमनीत के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और उनकी दो बहनें हैं।
मंगलवार को जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। शहीद जवान को अंतिम विदाई देने के लिए 8 जेएकेएलआई, 100 फील्ड रेजिमेंट और सीएमपी के जवानों सहित कई सैन्य अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

