CM सुक्खू पर आपत्तिजनक वीडियो: इंस्टाग्राम पर निकाली गालियां... हरियाणा बॉर्डर से दबोचा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 12:49 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके परिजनों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। डिजिटल दुनिया में मर्यादा लांघने वाले इस शख्स को पुलिस ने एक फिल्मी स्टाइल में बॉर्डर से दबोच लिया है।

सोशल मीडिया पर 'अभद्रता' पड़ी महंगी: 

इंटरनेट की आजादी का गलत इस्तेमाल करते हुए एक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनकी धर्मपत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, भद्दी और भड़काऊ शब्दावली का प्रयोग किया गया था। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस महकमा हरकत में आ गया।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी

मामले की शुरुआत 17 फरवरी को हुई, जब रक्कड़ पुलिस थाने में इस आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। केस दर्ज होते ही आरोपी को भनक लग गई और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया। हालांकि, उसकी यह फरारी ज्यादा दिन नहीं टिक सकी। 

एसपी मयंक चौधरी के निर्देशन में साइबर सेल और डी.एस.आई. (DSI) की टीम ने आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा किया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की सही लोकेशन का पता लगाया। देहरा पुलिस ने इस मिशन में बद्दी पुलिस का सहयोग लिया। आखिरकार, हरियाणा-हिमाचल की सीमा पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे उस वक्त धर दबोचा जब वह राज्य से बाहर निकलने की फिराक में था।

कानूनी कार्रवाई और पुलिस की चेतावनी

वर्तमान में आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।

एसपी मयंक चौधरी का संदेश: 

"सोशल मीडिया कोई बेलगाम मंच नहीं है। यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था को बिगाड़ने या किसी की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली भड़काऊ सामग्री पोस्ट करेगा, तो पुलिस उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News