Kangra: अवैध खनन के खिलाफ SP नूरपुर की बड़ी कार्रवाई, ट्रक-डंपर सहित 21 वाहन किए जब्त

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 08:05 PM (IST)

नूरपुर: पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ते हुए पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त 21 वाहनों (ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर) को पकड़ा है। पकड़े गए सभी वाहनों को खनन अधिनियम के तहत जब्त कर कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में भेज दिया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे अभियान की कमान खुद एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने संभाली है।

जानकारी के अनुसार अभियान के दाैरान पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ब्यास नदी के तटीय क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने न केवल नदी किनारे दबिश दी, बल्कि क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रशरों की भी गहन जांच की और दस्तावेजों को खंगाला। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए टीमाें द्वारा संवेदनशील इलाकों खन्नी, माजरा, रे पत्तन, रियाली मंड, इंदौरा मंड और भोगरवां में लगातार गश्त व निगरानी बढ़ा दी गई है।

PunjabKesari

गड्ढे खोदकर रोका खनन माफिया का रास्ता 
पुलिस ने इस बार रणनीति बदलते हुए खनन माफिया के सप्लाई रूट पर प्रहार किया है। रे पत्तन–रेहटपुर बैल्ट के उन संपर्क मार्गों पर जेसीबी से गहरे गड्ढे खुदवा दिए गए हैं, जिनका उपयोग अवैध खनन के परिवहन के लिए किया जाता था। इससे अवैध वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई है। पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पर्यावरण संरक्षण और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले खनन माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान थमने वाला नहीं है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन मालिक को बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News