हिमाचल में मिशन रिपीट के लिए भाजपा दिन-रात करेगी मेहनत : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 09:33 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कोरोना संक्रमण जैसे कठिन व चुनौतीपूर्ण सफर में सरकार के कदम नहीं रुके। उन्होंने कहा कि इस दौर में जीवन को बचाने एवं विकास की गति को जारी रखने का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य सामने था। ऐसे में सरकार ने लोगों का जीवन भी बचाया और विकास की गति को भी रुकने नहीं दिया। जयराम ठाकुर यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे प्रतिकूल हालात में हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से 800 करोड़ रुपए की विशेष सहायता मिली। उन्होंने कहा कि नड्डा के कुशल नेतृत्व में 4 राज्यों में भाजपा की जीत संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि इस जीत के बाद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने का दावा करने वाले नेता प्रदेश विधानसभा में आंख तक नहीं मिला पा रहे थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के बाद नरेंद्र मोदी दूसरे प्रधानमंत्री हैं, जो हिमाचल को अपना घर मानते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पूर्व सरकारों के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त किए हैं, इस दौरान रिकॉर्ड सड़क निर्माण में हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि मिशन रिपीट के लिए भाजपा दिन-रात मेहनत करेगी।

नड्डा ने चौका लगा दिया, अब छक्का लगेगा : अनुराग

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने 4 राज्यों में चुनाव जीतकर चौका लगाया है। इसके बाद अब हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भाजपा जीत का छक्का लगाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को रिपीट करने के लिए अब नेताओं व कार्यकत्र्ताओं को 9 माह पसीना बहाना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा निरंतर संघर्ष करेगी और जो संघर्ष करता है, वह जीतता है। उन्होंने दावा किया कि अब हिमाचल में राजनीति का रिवाज और परंपराएं दोनों बदलेंगी तथा भाजपा चुनाव जीतकर पहले से चले आ रहे मिथक को तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस नेताओं के मंसूबों पर भी पानी फिरेगा। उन्होंने कहा कि 4 लोकसभा व 3 राज्यसभा सांसदों वाले राज्य के नेता का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने यह बता दिया है कि यदि मोदी है तो सब मुमकिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीति गरीब व आम आदमी को राहत प्रदान करने वाली है।

त्रिदेव व पन्ना प्रमुख सम्मेलन होंगे : सुरेश कश्यप

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा आगामी दिनों में त्रिदेव व पन्ना प्रमुख सम्मेलन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के डिजिटाइजेशन कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को अम्बेदकर जयंती के अवसर पर सहभोज का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम शिमला और विधानसभा चुनाव में जीत को सुनिश्चित करने के लिए एकजुटता के साथ काम करेगी। 

नवरात्रों पर नड्डा को दिया राम दरबार

संगठन व सरकार की तरफ से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को स्मृतिचिन्ह के रूप में राम दरबार भेंट किया गया। इस मौके पर कहा गया कि नवरात्रि को देखते हुए उन्हें यह स्मृतिचिन्ह दिया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News