CM Jairam बोले, सत्ता-संगठन में बर्दाश्त नहीं होगी अनुशासनहीनता

punjabkesari.in Tuesday, Jul 30, 2019 - 10:19 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा के भीतर अंतर्कलह की घटनाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सत्ता और संगठन में अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने सभी नेताओं को हिदायत दी कि अपने मसलों को पार्टी के दायरे के भीतर उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर कोई लड़ाई नहीं है। जहां पर कुछ गलतफहमियां थीं उन्हें दूर कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार से संबंधित मामलों को वह स्वयं देख रहे हैं तथा पार्टी के मसले संगठन देख रहा है। उन्होंने कहा कि सबको अनुशासन का पालन करना होगा और संगठन से बड़ा कोई नहीं है।

इंदु गोस्वामी व रमेश धवाला ने लगाए हैं आरोप

उल्लेखनीय है कि भाजपा महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद से इंदु गोस्वामी ने हाल ही में इस्तीफा दिया है। उनका आरोप था कि सरकार में उनके काम नहीं हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वह दिल्ली में भी हाईकमान से मिलकर आई हैं और आने वाले दिनों में उनका मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी मिलने का कार्यक्रम है। इसके अलावा राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं विधायक रमेश धवाला ने भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका आरोप है कि संगठन महामंत्री उनके चुनाव क्षेत्र में हस्तक्षेप करके उनके काम में अड़ंगा अड़ा रहे हैं।

दोनों विवादों के चलते सी.एम. ने खुद संभाला मोर्चा

पार्टी के भीतर सामने आए इन दोनों विवादों के चलते मुख्यमंत्री को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। इसके बाद रमेश धवाला ने कहा कि उनको मुख्यमंत्री पर भरोसा है और उन्होंने 15 दिन में मसला सुलझाने को कहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह बयान आया है, जिसमें उन्होंने सख्त रुख अपनाया है।

शिमला के बंदर-कुत्तों पर जवाबतलबी

शिमला में आवारा कुत्तों और बंदरों के काटे जाने के मामले बढ़नेपर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर संबंधित विभागों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में बंदरों को लगातार तीसरी बार वर्मिन घोषित कर दिया है लेकिन अब तक एक भी बंदर नहीं मारा गया। उन्होंने कहा कि बंदरों को मारने को लेकर लोगों की धार्मिक भावनाएं आड़े आ रही हैं। अब जबकि बंदरों और कुत्तों को काटने के मामले बढ़ रहे हैं, इसको लेकर विभागों से चर्चा करके जल्द समाधान निकालने को कहा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News