हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आरंभ हो 100 मिलियन डॉलर की परियोजना : जयराम

punjabkesari.in Thursday, Sep 09, 2021 - 09:29 PM (IST)

शिमला (योगराज/ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात करके हिमाचल प्रदेश के लिए 100 मिलियन डॉलर के एशियाई विकास बैंक के प्रथम चरण परियोजना को पुन: आरंभ करने का आग्रह किया है। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य में विश्व स्तर की अधोसंरचना का निर्माण कर राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण में 20 उप-परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर अधोसंरचना विकसित करने की योजना है। केंद्रीय मंत्री ने एशियाई विकास बैंक परियोजना को पुन: आरम्भ करने पर विचार करने का आश्वासन दिया और शीघ्र इससे संबंधित प्रस्ताव भेजने को कहा। केंद्रीय वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री को विकास में गति के लिए शीघ्र निधि तथा स्वीकृति प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय अधोसंरचना पाइप लाइन का उपयोग करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री को कोविड टीकाकरण की प्रथम खुराक के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए बधाई दी।
PunjabKesari, Union Civil Aviation Minister and CM Jairam Image

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से उठाया ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे का मामला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मंडी जिले में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के निर्माण तथा शिमला, भुन्तर और कांगड़ा में हवाई अड्डों के विस्तारीकरण से संबंधित स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान करनेे का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक लोकप्रिय पर्यटन गंतव्य है और हवाई अड्डों के निर्माण और विस्तारीकरण से पर्यटकों के आगमन में वृद्धि होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा व रोजगार सृजन की संभावनाएं भी बढेंग़ी। उन्होंने उड़ान योजना के तहत किराया घटाने के लिए केंद्रीय मंत्री तथा केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि उड़ानों को सस्ता करना सार्वजनिक हित में एक बड़ी पहल है। केंद्रीय मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को मामले में तेजी लाने के निर्देश दिए और इसकी प्रगति बारे जानकारी देने को कहा। उन्होंने राज्य को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह तथा प्रधान आवासीय आयुक्त एसके सिंगला भी बैठक में उपस्थित थे।

उज्जैन के लिए रवाना हुए सीएम

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर देर सायं नई दिल्ली से उज्जैन के लिए रवाना हुए। यह उनकी निजी यात्रा बताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News