Delhi की प्रीती बनी Manali Christmas Queen

punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2016 - 02:17 AM (IST)

मनाली: क्रिसमस ट्री पर कुल्लवी वाद्य यंत्रों का संगीत और इस संगीत पर थिरकते पर्यटक। कुछ ऐसा ही नजारा पर्यटन नगरी मनाली में क्रिसमस संध्या पर अधिकतर होटलों में देखने को मिला। हालांकि मनाली में बर्फबारी न होने से सैलानी मायूस दिखे लेकिन पर्यटकों ने क्रिसमस संध्या का खूब आनंद लिया। पर्यटन निगम के क्लब हाऊस में भी क्रिसमस संध्या धूमधाम से मनाई गई। इस कार्यक्रम में इस बार कपल्स की संख्या कम रही लेकिन पर्यटन विभाग ने अपने पर्यटकों की क्रिसमस संध्या को रंगीन बनाने के लिए क्लब हाऊस में कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें दिल्ली की प्रीति मनाली क्रिसमस क्वीन चुनी गर्ईं। देर रात तक चले कार्यक्रम में कड़े मुकाबले में प्रीति ने सभी को पछाड़ते हुए मिस क्रिसमस का ताज अपने नाम किया।

मिस्टर और मिसेज विरेंद्र आर्य बैस्ट कपल डांस
 बैस्ट कपल्स डांस प्रतियोगिता में कोलकाता के मिस्टर और मिसेज विरेंद्र आर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं पर बैलून डांस प्रतियोगिता में मुंबई के मिस्टर और मिसेज वैंकेट प्रसाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लैमन डांस प्रतियोगिता में दिल्ली के मिस्टर एंड मिसेज जॉली ने पहला स्थान प्राप्त किया। पर्यटन विभाग मनाली के ए.जी.एम. धीरज बाली ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मैरी क्रिसमस मनाया गया। इस दौरान डी.जे., कुल्लवी नाटी और फिल्मी गानों पर पर्यटकों ने खूब आनंद लिया। दूसरी ओर मिशन अस्पताल प्रबंधन ने अपने परिसर में क्रिसमस संध्या का आयोजन किया। मिशन अस्पताल प्रबंधन, डे-स्टार स्कूल सहित सैंकड़ों लोगों ने एक स्थान पर एकत्रित होकर क्रिसमस संध्या मनाई तथा एक-दूसरे को बधाई दी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News