रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह पर बैठे मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

punjabkesari.in Sunday, Mar 26, 2023 - 11:30 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने पर प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालय में पार्टी ने रविवार को संकल्प सत्याग्रह का आयोजन किया। इसी कड़ी में देर सायं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह के साथ कैबिनेट मंत्री चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी, हर्ष वर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह व विक्रमादित्य, सीपीएस मोहन लाल ब्राक्टा, संजय अवस्थी, विधायक हरीश जनारथा, केवल सिंह पठानिया सहित अन्य पदाधिकारी भी रिज मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह पर बैठे। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। 
PunjabKesari

राजनीतिक षड्यंत्र रचकर रद्द की राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता 
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि हजारों साल की गुलामी के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का एक सपना था कि देश में पूरी मजबूती के साथ लोकतंत्र स्थापित हो लेकिन केंद्र सरकार ने जिस तरह से राजनीतिक षड्यंत्र रचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता को रद्द किया है, वह लोकतंत्र की हत्या है। ऐसे में रिज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आज सभी सत्याग्रह में बैठे। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न धर्मों, संस्कृति और समुदाय के लोग रहते हैं, ऐसे में लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए सभी को आगे आने होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की आवाज हैं और मुख्य विपक्षी दल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, ऐसे में उनकी सदस्यता को 24 घंटे के भीतर बिना किसी कारण रद्द किया जाना गलत है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता भी मौजूद रहे। 

जनता की अदालत में नहीं दबाई जा सकती आवाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की आवाज सदन में दबाई जा सकती है लेकिन जनता की अदालत में उनकी आवाज को नहीं दबाया जा सकता है। हर जगह राहुल गांधी के सिपाही खड़े हैं। राहुल गांधी की सफल रही भारत जोड़ो यात्रा से केंद्र सरकार और भाजपा बौखलाहट में है, ऐसे में उन्हें रोकने के लिए अलग-अलग तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि जिस तरह से आज देश में मुख्य विपक्ष दल कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को रोकने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं उसे देखते हुए क्षेत्रीय दलों को भी संवाद के साथ आगे आना चाहिए। देश में लोकतंत्र की हत्या नहीं होने दी जाएगी।

बारिश के बीच निकाला कैंडल मार्च, सीएम भी हुए शामिल
रविवार देर सायं कांग्रेस ने मालरोड से लेकर शेर-ए-पंजाब तक कैंडल मार्च भी निकाला। इसमें मुख्यमंत्री के साथ ही कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए। बारिश के बीच आयोजित कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News