राजीव बिंदल ने साधा निशाना, बोले-''सुक्खू सरकार ने 1 यूनिट बिजली नहीं बनाई, सिर्फ केंद्र के प्रोजैक्ट्स का ले रही श्रेय''
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 07:10 PM (IST)
नाहन (आशु): प्रदेश में कांग्रेस सरकार जाने वाली है, इसलिए मुख्यमंत्री फड़फड़ा रहे हैं। यह बात नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों के नाम पर केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कार्यकाल में प्रदेश के लिए एक यूनिट अतिरिक्त बिजली भी पैदा नहीं कर पाए हैं। सरकार बिजली उत्पादन को बढ़ाने की बात तो करती है, लेकिन वास्तविक उपलब्धियां शून्य हैं।
300 यूनिट तो दूर, भाजपा की दी 125 यूनिट फ्री बिजली की सुविधा भी छीनी
राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता को यह बताएं कि उनकी सरकार ने प्रदेश को क्या दिया है। चुनावों के दौरान कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वायदा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि बिजली के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम आदमी बिजली के बिलों को देखकर परेशान है। भाजपा सरकार के समय लोगों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा मिलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने वह सुविधा भी समाप्त कर दी।
कांग्रेस सरकार के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए बहुत कम
किशाऊ बांध और रेणुका जी बांध परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बिंदल ने कहा कि ये दोनों बड़े प्रोजैक्ट केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से आगे बढ़ रहे हैं। इन परियोजनाओं के लिए धन और मंजूरियां केंद्र सरकार उपलब्ध करवा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार उनका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल किशाऊ और रेणुका जी बांध ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य बड़े विकास कार्य भी केंद्र सरकार की देन हैं। कांग्रेस सरकार के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए बहुत कम हैं, इसलिए वह केंद्र सरकार की परियोजनाओं का श्रेय लेने में लगी हुई है। इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी व जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग भी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

