21 साल के युवक ने रावी नदी में कूदकर दी जान

punjabkesari.in Monday, Mar 13, 2023 - 04:16 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा में एक युवक ने रावी नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। युवक की पहचान तुषार (21) पुत्र नंद लाल निवासी मोहल्ला सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। तुषार ने इलैक्ट्रीशियन का डिप्लोमा किया था और वह परिवहन निगम में अप्रैंटशिप कर रहा था। रविवार को छुट्टी थी तथा वह घर पर ही था। दोपहर बाद वह अपनी बाइक पर घर से बाहर निकला और कुछ समय बाद वापस आ गया। शाम करीब साढ़े 6 बजे फिर से घर से निकला। इसके बाद पुराने बालू पुल से रावी नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑप्रेशन शुरू किया। देर रात तक पुलिस ने सर्च ऑप्रेशन चलाए रखा, लेकिन रावी में कूदे युवक का कोई सुराग नहीं लगा।

सोमवार को सुबह फिर से पुलिस ने सर्च ऑप्रेशन शुरू किया। इसी बीच डाईट सरू के नीचे एक शव मिलने की पुलिस को सूचना मिली। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। युवक की शिनाख्त तुषार कपूर के रूप में की गई। इसके बाद मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा में युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। बताया जा रहा है कि युवक कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। एस.पी. अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच चल रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News