Chamba: बरौर में युवक की संदिग्ध मौत मामला: परिजनों और ग्रामीणों ने रोका शिक्षा मंत्री का काफिला

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 10:50 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिले के बरौर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत मामले में परिजन व ग्रामीण शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिले। इस दौरान उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। मंगलवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर साहो दौरे पर जा रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का काफिला रोक लिया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

युवक की पत्नी ने बताया कि उसका पति निजी ट्रक चला कर परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन दुश्मन रास्ते में ही घात लगाए बैठे थे। अब इन बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा। उन्हें दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कैसे होगा। उन्होंने कहा कि उनके घटना के चार दिन बाद भी उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। परिवार न्याय के लिए दर-दर ठोकरें खा रहा है।

महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति सहित परिवार को पहले कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। अब तो उसके पति की जान तक चली गई। उन्होंने मंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों का कानून व पुलिस पर विश्वास व भरोसा कायम रहे। उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वह उनके इस दर्द को समझते हैं। जांच में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। पुलिस निष्पक्षता से जांच में जुटी है।

विधायक के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
विधायक नीरज नैय्यर ने युवक के परिजनों व ग्रामीणों काे समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वह खुद उनके घर पहुंचकर बात करेंगे। इस पर युवक की पत्नी ने कहा कि वह घर आकर क्या कर लेंगे। इसी बीच एक युवक ने कहा कि चुनावों के दौरान क्षेत्रवासियों ने कंधे से कंधा मिलाकर कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी विधायक पीड़ित परिवार से नहीं मिले और अब तक इस घटना को लेकर चुप्पी साधे रहे। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है। साथ ही कार्रवाई की मांग उठाई।

जीरो एफआईआर दर्ज करने व सीबीआई जांच की उठाई मांग
युवक के भाई अनिल कुमार ने कहा कि इस मामले में तुरंत जीरो एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही उन्होंने सीबीआई जांच की भी मांग उठाई। हालांकि उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है। बता दें कि बीते शुक्रवार काे सोनू कुमार (36) पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव छमैरी रोजाना की तरह रात को अपना टिप्पर खड़ा करके घर की ओर लौट रहा था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसी बीच ग्रामीणों ने सोनू कुमार को ढांक से नीचे पानी में अचेत पाया, जबकि मोबाइल सड़क पर पड़ा था।

इसकी सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों ने तुरंत रिश्तेदारों के सहयोग से अचेत अवस्था में सोनू कुमार को उठाकर उपचार के लिए एम्बुलैंस के माध्यम से मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है और इसको लेकर धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News