Chamba: नदी किनारे रेत ढो रहा था युवक, एक हादसे ने छीन लीं सांसें, ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:08 PM (IST)
चम्बा (काकू): चम्बा शहर से सटी उदयपुर पंचायत में हुए एक भयानक हादसे ने युवक की जान ले ली। ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आतिश कुमार पुत्र हरनाम सिंह निवासी गांव उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा वीरवार शाम को पेश आया है। ट्रैक्टर चालक शुभम कुमार पुत्र सुभाष कुमार निवासी उदयपुर रावी नदी के किनारे ट्रैक्टर ट्रॉली से रेत ढोने के काम में जुटा था। आतिश कुमार भी उसके साथ था। इसी दौरान अचानक आतिश ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक शुभम कुमार मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सूचना मिलते ही द्रड्डा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा भेज दिया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकद्दमा सदर थाना चम्बा में दर्ज किया गया है। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।

