Chamba: श्री जम्मू नाग मंदिर में 1200 श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 05:20 PM (IST)
चम्बा (काकू): खब्बी धार स्थित पवित्र श्री जम्मू नाग मंदिर बड़ी जम्मूहार में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ नुआले का आयोजन हुआ। इसका आयोजन खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन द्वारा किया गया। इस धार्मिक आयोजन में जिला चम्बा सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों और गांवों से लगभग 1200 श्रद्धालुओं ने भाग लिया और श्री जम्मू नाग के पावन दरबार में माथा टेका तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगल कामना की।
संगठन के प्रधान राजिंद्र ठाकुर ने बताया कि यह दूसरा नुआला था, जिसे श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सहयोग, प्रेम और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी देव श्रद्धालुओं, दानदाताओं, सहयोगकर्त्ताओं तथा संगठन की समर्पित टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। नुआला कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्या भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
प्रसिद्ध लोक गायक सुभाष कौशल, लोक कलाकार रमेश राणा, चम्बा के सुप्रसिद्ध ऐंचली कलाकार केछी एंड पार्टी तथा सलूणी से आईं अंजलि राणा एवं नट्टी ग्रुप ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रद्धालु भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में सराबोर रहे। पूरे आयोजन के दौरान खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन की टीम ने अनुशासन, सेवा-भाव, समर्पण और उत्कृष्ट प्रबंधन का परिचय दिया।
लंगर, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिसकी श्रद्धालुओं ने भी सराहना की। खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन ने भविष्य में भी क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद एवं लंगर भी ग्रहण किया।

