अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद चम्बा का एक्शन, 2 रेहड़ियां जब्त...दुकानदारों को मिली चेतावनी
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 03:58 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): नगर परिषद चम्बा ने अतिक्रमण के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में नगर परिषद की टीम ने डाकघर से लेकर कसाकड़ा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाई गईं 2 रेहड़ियों को जब्त कर लिया गया, साथ ही रेहड़ी-फड़ी धारकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने दोबारा अपनी तय सीमा से बाहर सामान सजाया, तो उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा और भारी जुर्माने के बाद ही छोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम को अचानक मौके पर देखकर कई रेहड़ी धारकों में हड़कंप मच गया और वे अपनी रेहड़ियां लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए। टीम ने मौके पर मौजूद वैध (अधिकृत) रेहड़ी-फड़ी धारकों और दुकानदारों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपना सामान नगर परिषद द्वारा तय की गई सीमा के भीतर ही रखें।
नगर परिषद द्वारा यह कार्रवाई मुख्य रूप से त्यौहारी सीजन की भीड़ और संभावित हादसों को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। मौजूदा समय में चम्बा शहर के गांधी गेट से लेकर नए बस स्टैंड तक पैदल चलने वाले लोगों की आवाजाही काफी बढ़ गई है, जिसके चलते सड़क किनारे अवैध रेहड़ियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। इस मार्ग पर खड़ी चढ़ाई होने और वाहनों की निरंतर आवाजाही के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विशेषकर सुबह 9 बजे और दोपहर 3 बजे के आसपास सैंकड़ों स्कूली बच्चे इसी रास्ते से पैदल सफर करते हैं, ऐसे में भीड़भाड़ के कारण यहां कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि जब से बस स्टैंड कसाकड़ा वार्ड में शिफ्ट हुआ है, तब से शहर में वाया गांधी गेट लोगों की आवाजाही में भारी वृद्धि हुई है। शॉर्टकट होने के कारण लोग इसी मार्ग का अधिक इस्तेमाल करते हैं। पैदल राहगीरों की इसी समस्या को देखते हुए कुछ समय पूर्व नगर परिषद ने गांधी गेट से वाया कसाकड़ा वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई थी। वहीं, अब नगर परिषद की इस ताजा कार्रवाई के बाद रेहड़ी-फड़ी वाले और दुकानदार भी सतर्क हो गए हैं और एक-दूसरे को तय सीमा में सामान रखने की सलाह देते नजर आ रहे हैं।
इस कार्रवाई के संदर्भ में नगर परिषद चम्बा की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने पुष्टि करते हुए बताया कि कसाकड़ा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के तहत 2 रेहड़ियां जब्त की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए नगर परिषद का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

