Chamba में दीपावली की रात 3 जगह भड़की आग, अग्निशमन विभाग ने पाया काबू

punjabkesari.in Tuesday, Oct 21, 2025 - 05:38 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): जिला चम्बा में दीपावली की रात अलग-अलग स्थानों पर आग की 3 घटनाएं सामने आई, जिसमें पनेला क्षेत्र के मंडाल में आग लगने से सूखी घास जलने से नुक्सान हुआ है। अग्निशमन विभाग को रात को आग लगने के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद विभाग ने मौके पर जाकर आग को काबू पाया। आग लगने से अधिक नुक्सान हो सकता था तथा घास की आग से घर भी चपेट में आ सकते थे। उक्त क्षेत्राें में जंगल के साथ आग लगने के कारण रिहायशी क्षेत्रों तक आग पहुंचने से खतरे का अंदेशा हो रहा था। इसके अलावा रात को ही चनेड में जंगल में लगी आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेजी से आगे बढ़ीं कि आग चनेड के पास दुकान व घरों तक पहुंचने लगी। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का कार्य किया।

टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आसपास के घरों तक आग पहुंचने से पहले बुझाकर एक बड़ा नुक्सान होने से बचा लिया। इसके अलावा तीसरी घटना में सुलतानपुर में सी.ए. ब्रांच की छत पर रखे सामान में आग लग गई। सुबह 5 बजे हुई घटना के दौरान कुछ ही मिनटों में अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया तथा इस दौरान आसपास की करीब 50 लाख की संपत्ति को आग से बचाया। आग की घटनाएं सामने आने के कारण अग्निशमन विभाग की टीम पूरी रात विभिन्न स्थानों पर आग बुझाने में व्यस्त रही। विभाग की तरफ से अलग-अलग टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुक्सान न हो।

इससे पूर्व दीपावली के पहले ही अग्निशमन विभाग की तरफ से सभी कर्मचारियों-अधिकारियाें की छुटि्टयों को रद्द कर दिया गया था, ताकि दीपावली की रात आतिशबाजी के कारण भड़की आग को बुझाया जा सके। दीपावली के दौरान कई बार अधिक आग की घटनाएं सामने आती हैं। कार्यकारी अग्निशमन विभाग अधिकारी चम्बा दौलत राम का कहना है कि चम्बा में दीपावली की रात अलग-अलग 3 स्थानों पर आग लगने की सूचना के बाद मौके पर जाकर आग पर काबू पाया गया। जंगलों में भी आतिशबाजी के कारण आग की घटनाएं सामने आईं, जिसके कारण पूरी टीम को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News