चम्बा में नशे के अवैध कारोबार का पर्दाफाश, मुंबई से जुड़े थे तार, 2 आरोपी किए गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 09:52 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने चम्बा जिले में नशे के एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। इसके तार मुंबई से जुड़े थे। मामले में विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें चम्बा शहर के जुलाहकड़ी निवासी हरमीत को 17 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया, जबकि सप्लाई चेन से जुड़े दूसरे आरोपी मोहम्मद अहमद को मुंबई से पकड़ा गया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और मुंबई से चम्बा तक प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति कर रहा था। यह मामला 1 दिसम्बर 2025 को दर्ज किया गया था।

उसी दिन हरमीत के घर पर एक कुरियर के जरिए प्रेगाबालिन और टैपेंटाडोल दवाओं की बड़ी खेप पहुंची थी। ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने छापेमारी कर यह पूरा स्टॉक बरामद कर लिया था। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद दवाओं में से एक उत्पाद नकली था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि हरमीत स्थानीय स्तर पर युवाओं को नशे की लत लगाने वाली दवाएं बेच रहा था। पूछताछ में उसके मुंबई कनैक्शन का खुलासा हुआ, जिसके बाद विभाग ने मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार किया।

वह लंबे समय से मुंबई से चम्बा तक इन दवाओं की सप्लाई कर रहा था और इस नैटवर्क का अहम हिस्सा था। दोनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी चम्बा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हिमाचल प्रदेश के दवा नियंत्रक डॉक्टर मनीश कपूर ने बताया कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। इस तरह के अवैध कारोबार में जुड़े लोगों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

मामले में हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
ड्रग्स कंट्रोल विभाग के अनुसार इस मामले में अभी जांच जारी है और 5 से 6 अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान की गई है, जो इस अवैध नैटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इनकी गिरफ्तारी भी जल्द संभव है। विभाग का मानना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसकी जड़ें अन्य राज्यों तक फैली हो सकती हैं।

2 साल में 35 मामले दर्ज
पिछले दो वर्षों में चम्बा जिले में नशे के अवैध कारोबार से संबंधित करीब 35 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अब इन सभी मामलों की दोबारा जांच की जा रही है। जिन मामलों में गिरफ्तारी नहीं हुई है उनमें भी कार्रवाई तेज की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News