Chamba: बैरा डैम में मिला शव पानी के तेज बहाव में बहा
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 12:26 PM (IST)
तीसा (सुभानदीन): चुराह उपमंडल से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बुधवार को बैरा डैम के जलाशय में एक अज्ञात शव पानी में बहता हुआ दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, प्रशासनिक अमले और लोगों के पहुंचने से पहले ही डैम से छोड़े गए तेज पानी के बहाव के साथ शव बहकर आगे निकल गया, जिससे उसे तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए, लेकिन उस वक्त डैम में सिल्टिंग निकालने की प्रक्रिया के चलते गेट खुले हुए थे। पानी का बहाव इतना तेज था कि चाहकर भी किसी के लिए शव को सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया। तेज जलप्रवाह के कारण शव देखते ही देखते डैम से निकलकर मुख्य नदी की तरफ बह गया।
फिलहाल इस बात की कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आ पाई है कि यह शव किसका था और डैम तक कहां से पहुंचा। क्या यह शव ऊपरी इलाकों से बहकर यहां तक आया है या फिर यह किसी अन्य घटना का परिणाम है, इन तमाम पहलुओं पर सस्पैंस बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आसपास के क्षेत्रों से गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा पुलिस व लोग नदी के बहाव की दिशा में शव की तलाश में जुटे हुए हैं। एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है।

