हैवानियत! 2 वर्षों तक महिला सफाई कर्मियों का शारीरिक शोषण करता रहा ठेकेदार, विरोध करने पर किया दुर्व्यवहार; FIR दर्ज

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 12:24 PM (IST)

Chamba News :  हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज में महिला सफाई कर्मियों के साथ शारीरिक शोषण का एक अत्यंत गंभीर मामला प्रकाश में आया है। कॉलेज के एक सफाई ठेकेदार पर नौकरी से निकालने की धमकी देकर लंबे समय से महिला कर्मियों का शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ गुरूवार को पीड़ित महिला सफाई कर्मी न्याय की गुहार लेकर जिला महिला पुलिस थाने पहुंचीं।

महिला कर्मियों ने लगाए ये आरोप

महिला थाने में दी गई सामूहिक शिकायत में पीड़ित महिला कर्मियों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए ठेकेदार पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि ठेकेदार पिछले दो वर्षों से उनका शारीरिक शोषण कर रहा था। जब भी किसी महिला कर्मी ने इसका विरोध करने का प्रयास किया, तो उसके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, ठेकेदार महिलाओं को काम से हटाने की धमकी देता था और इसी डर का फायदा उठाकर उसने कई बार महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे बेहद गरीब परिवारों से संबंध रखती हैं और उनके ऊपर परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपी उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी देता था और न चाहते हुए भी उन्हें इस प्रताड़ना को सहना पड़ा।

प्राथमिकी दर्ज

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चंबा पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला सफाई कर्मी अपनी शिकायत दर्ज करवाने महिला पुलिस थाने आई थीं। पुलिस ने पीड़िताओं के बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News