चम्बा के बॉर्डर पर SIU Team ने पकड़ी चिट्टे की खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार; जानें कौन हैं आरोपी?

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 02:31 PM (IST)

तुनुहट्टी (संजय): जिला चम्बा में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई टीम ने चम्बा की सीमा कटोरी बंगला के समीप एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों को 11.97 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ चुवाड़ी पुलिस थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात इंस्पैक्टर गगनदीप के नेतृत्व में एसआईयू टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कटोरी बंगला के पास नाकाबंदी की गई। रात करीब 11 बजे पुलिस टीम की नजर वहां संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दो युवकों पर पड़ी। पुलिस ने शक के आधार पर जब उनके पास जाकर पूछताछ की तो दोनों युवक पुलिस को देखकर बुरी तरह घबरा गए। युवकों की घबराहट देखकर पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद जब पुलिस टीम ने कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों की गहनता से तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 11.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत नशे की खेप को जब्त कर दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय अरविंद कुमार निवासी गांव सलांदरी और 28 वर्षीय राकेश कुमार निवासी गांव लचौड़ी, डाकघर ठाकरीमट्टी, तहसील सलूणी व जिला चम्बा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस बात की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News