विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने खेला नया दाव, धूमल परिवार को मिली संजीवनी, कांग्रेस की चुनौती बढ़ी

punjabkesari.in Thursday, Jul 08, 2021 - 12:02 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में हिमाचल प्रदेश से चौथी बार सांसद बने अनुराग ठाकुर का कद बढ़ गया है। इसके तहत केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में उनको राज्य मंत्री से पदोन्नत करके कैबिनेट मंत्री के रूप में स्थान दिया गया है। इस तरह आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने नया दाव खेला है। इससे विधानसभा चुनाव के बाद हाशिए पर चले गए धूमल परिवार को भी संजीवनी मिली है, साथ ही अनुराग ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने से कांग्रेस की चुनौती भी बढ़ गई है। अनुराग ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर सबसे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बधाई दी जबकि शेष नेताओं की तरफ से बधाई देने का सिलसिला देरी से शुरू हुआ। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सहप्रभारी संजय टंडन और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित अन्य नेताओं ने अनुराग ठाकुर को केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनने पर बधाई दी।

अनुराग के करियर पर एक नजर

अनुराग ठाकुर का जन्म 24 अक्तूबर, 1974 को हमीरपुर के समीरपुर में हुआ। वह प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के पुत्र हैं। अनुराग ठाकुर केंद्र में राज्य मंत्री पद पर रहने के अलावा लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें सांसद रत्न अवार्ड, 2019, फेम इंडिया श्रेष्ठ सांसद अवार्ड, 2018, हॉकी हिमाचल के अध्यक्ष, टेबल टैनिस एसोसिएशन अध्यक्ष और विश्व व्यापार संगठन जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनको वर्ष, 2011 में युवा सांसद अवार्ड भी मिल चुका है। अनुराग भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने 14 वर्ष की आयु में अपना क्रिकेट करियर शुरू किया। वह हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष के अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (बीसीसीआई) के सचिव व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह सेना में लैफ्टिनैंट भी हैं।

केंद्र में हिमाचल से ये रह चुके हैं कैबिनेट मंत्री

केंद्र में हिमाचल प्रदेश से इससे पहले कई बड़े नेता कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व शांता कुमार, आनंद शर्मा, जगत प्रकाश नड्डा एवं चंद्रेश कुमारी केंद्रीय मंत्रिमंडल में बतौर कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा पंडित सुखराम और राजकुमारी अमृतकौर ने बतौर राज्यमंत्री केंद्र में अपनी सेवाएं दी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News