बिलासपुर में चोरों का आतंक: दुकान का शटर उखाड़ गल्ले से चुराई नकदी, नोटों के हार भी ले उड़े

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 03:46 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बरमाणा थाना क्षेत्र के तहत आने वाले बैरी हरखर चौक पर अज्ञात चोरों ने एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान को अपना निशाना बनाया है। चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर नकदी और नोटों के हार समेत हजारों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सुनील कुमार निवासी गांव टिक्करी, डाकघर पंजगाई, तहसील सदर व जिला बिलासपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि बैरी हरखर चौक पर उनकी रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर उखाड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने गल्ले में रखी नकदी, दुकान में मौजूद नोटों के हार और अन्य सामान समेत कुल मिलाकर करीब 53 हजार रुपए की संपत्ति चोरी कर ली।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर बरमाणा थाने में चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इस मामले पर बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने जांच तेज कर दी है। चोरों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News