हिमाचल के बिलासपुर को मिली तीसरी ''AI'' आधारित अल्ट्रा-पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों के लिए बनेगी वरदान

punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 06:07 PM (IST)

Bilaspur News : बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में रविवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित एक अल्ट्रा-पोर्टेबल एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया गया।

यहां जारी एक बयान के अनुसार, एनटीपीसी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत लगभग 30 लाख रुपए की लागत से खरीदी गई यह मशीन जिले को मिलने वाली ऐसी तीसरी मशीन है। यह एक्स-रे मशीन सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में घर-द्वार पर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा प्रदान करेगी, जिससे स्वास्थ्य टीमें मौके पर ही जांच कर सकेंगी और टीबी (तपेदिक) के मामलों का जल्द पता लगाने में मदद मिलेगी। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित यह प्रणाली न केवल टीबी, बल्कि निमोनिया, फेफड़ों के कैंसर और फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियों का भी शुरुआती चरण में पता लगाने में सक्षम है। इससे समय पर इलाज संभव हो सकेगा और बीमारी के प्रसार को कम किया जा सकेगा।

राहुल कुमार ने कहा कि इस पहल से विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवन-यापन करने वाले परिवारों, प्रवासी कामगारों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों को लाभ मिलेगा। कुमार ने बताया कि बिलासपुर में अब तीन अल्ट्रा पोर्टेबल एक्स-रे मशीनें हो गई हैं, जिनमें से एक केंद्र सरकार द्वारा, दूसरी अदाणी समूह द्वारा और नवीनतम मशीन एनटीपीसी द्वारा अपने सीएसआर कार्यक्रम के तहत प्रदान की गई है। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News