Himachal: मंदिर के पास चरस लेकर घूम रहा था पंजाब का तस्कर, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 05:38 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का प्रहार लगातार जारी है। इसी कड़ी में बरमाणा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक तस्कर को 140.65 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी शनिवार देर रात बैरी हनुमान मंदिर के समीप किसी संदिग्ध वारदात या डील की फिराक में घूम रहा था, तभी पुलिस की गश्त टीम ने उसे धर दबोचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस थाना बरमाणा की एक टीम इलाके में नियमित गश्त और वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम जब बैरी हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तो उन्हें वहां एक व्यक्ति की गतिविधियां बेहद संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति घबराने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोका और नियमानुसार उसकी तलाशी ली।
जब पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 140.65 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशे की खेप को जब्त कर लिया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 35 वर्षीय इंद्र पाल सिंह के रूप में हुई है, जो ऋषि नगर, हाबोवाल खुर्द, लुधियाना (पंजाब) का स्थायी निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह चरस कहां से खरीद कर लाया था और बिलासपुर में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। एसपी ने आम जनता से विशेष अपील की है कि नशा तस्करी या किसी भी अवैध गतिविधि की भनक लगते ही लोग तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

