चोरों के हौसले बुलंद! खिड़की की ग्रिल उखाड़ कर नकदी-गहने ले उड़े शातिर, बगल के कमरे में सोता रहा परिवार

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 07:44 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र और इसके आसपास के इलाकों में इन दिनों चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बेखौफ चोर अब न तो भगवान के मंदिरों को छोड़ रहे हैं और न ही इंसानों के घरों को। ताजा मामला अंब सलेतर वार्ड नंबर-2 से सामने आया है, जहां एक दुकानदार के घर में सेंधमारी कर चोरों ने लाखों रुपए की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंब सलेतर वार्ड नंबर-2 के निवासी और पेशे से दुकानदार वीरेंद्र कुमार के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के समय वीरेंद्र कुमार अपने घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से मकान के साइड में लगी खिड़की की ग्रिल को उखाड़ा और अंदर प्रवेश किया। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस कमरे में चोरी हुई, उस पर बाहर से ताला लगा हुआ था। चोरों ने खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर पूरे कमरे का सामान बुरी तरह बिखेर दिया। परिजनों के अनुसार शातिर घर से करीब 2 लाख रुपए की नकदी और कीमती गहने लेकर फरार हो गए। चोरी हुई इस नकदी में लगभग 40 हजार रुपए के नोटों के हार भी शामिल थे, जो घर में रखे हुए थे। सुबह जब परिजनों ने कमरे का हाल देखा, तो उनके होश उड़ गए।

CCTV में कैद नहीं हुआ चोरों का चेहरा
घटना की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन अंधेरा होने या चोरों की चालाकी के कारण कैमरे में उनका चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है।

मंदिर में भी हुई थी चोरी, लोगों में भारी आक्रोश
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक पहले भी शातिर चोरों ने रोहाडा कसेटी गांव स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर को अपना निशाना बनाया था। वहां से चोरों ने माता की मूर्ति से सोने की नथ और बाबा की चांदी की चरण पादुकाएं चुरा ली थीं। पुलिस अभी उस मामले की जांच कर ही रही थी कि अब इस नई वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News