Chamba News: दिल्ली की कार पर HP की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था ''नटवरलाल'', एक चालान ने खोल दी पोल
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 02:18 PM (IST)
डल्हौजी (शमशेर): हिमाचल प्रदेश के डल्हौजी में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसे शातिर को पकड़ा है जो अपनी कार पर किसी दूसरे की गाड़ी का फर्जी नंबर लगाकर बेखौफ सड़कों पर घूम रहा था। इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश तब हुआ, जब असली गाड़ी के मालिक को पुलिस का नो-पार्किंग चालान का मैसेज मिला, जबकि उसकी गाड़ी घर पर ही खड़ी थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार नंबर (HP 54A-5872) के असली मालिक ने ई-चालान मिलने के बाद तुरंत 112 हैल्पलाइन पर संपर्क किया। उसने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी गाड़ी घर पर है, लेकिन किसी ने उसी नंबर का इस्तेमाल कर डल्हौजी में गलत पार्किंग की है। मामले की गंभीरता को समझते हुए डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने तुरंत एक्शन लिया और ट्रैफिक पुलिस को उक्त नंबर की गाड़ी तलाशने के सख्त निर्देश दिए।
डीएसपी के निर्देशों के बाद बस अड्डा डल्हौजी में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मी विनोद कुमार ने उक्त नंबर वाली संदिग्ध कार को स्पॉट कर लिया और उसे तुरंत रोक लिया। पूछताछ के दौरान कार चला रहा व्यक्ति, जिसकी पहचान निजय कुमार (निवासी लक्कड़मंडी, तहसील डल्हौजी, जिला चम्बा) के रूप में हुई, पुलिस को गाड़ी के कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पुलिस की गहन जांच में यह सामने आया कि कार पर लगी नंबर प्लेट (HP 54A-5872) पूरी तरह से फर्जी थी। कार का असली पंजीकरण नंबर दिल्ली का (DL 5 CH-4569) निकला। आरोपी शातिराना तरीके से दिल्ली नंबर की कार पर हिमाचल का फर्जी नंबर लगाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद डल्हौजी पुलिस ने आरोपी चालक निजय कुमार के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181, 196, 192 और 177 के तहत चालान काटा है। इसके साथ ही धारा 207 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर डल्हौजी थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर फर्जी नंबर प्लेट लगाने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

