दर्दनाक हादसा : चम्बा में रावी नदी में गिरी कार, चाचा-भतीजे की मौत

punjabkesari.in Tuesday, May 03, 2022 - 09:15 PM (IST)

भरमौर( ब्यूरो): भरमौर क्षेत्र के गैहरा-लेच संपर्क मार्ग पर लेच पुल के निकट कार रावी नदी में जा गिरी। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। दोनों आपस में चाचा-भतीजा थे। मृतकों की पहचान केसर सिंह (53) पुत्र धर्मू राम निवासी गांव लेच तथा विनोद कुमार पुत्र अनिल चौहान निवासी लेच के रूप में हुई है। मंगलवार देर शाम केसर सिंह अपने भतीजे के साथ किसी कार्य से गैहरा आया हुआ था जहां से वे वापस लौट रहे थे। जब उनकी कार (एचपी 45-0357) लेच पुल के निकट पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर रावी नदी में गिर गई। गाड़ी के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला। केसर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को उपचार के लिए चम्बा मेडिकल काॅलेज ले आए जहां जख्मों के ताव न सहते हुए विनोद की भी सांसें थम गईं। हादसे के बाद केसर सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। केसर सिंह ने बीते सप्ताह ही अपने बेटे की शादी करवाई थी। हादसे की सूचना मिलते ही पूरा गांव शोक में डूब गया। उधर, डीएसपी चम्बा अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि हादसे में दोनों की मौत हो गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News