पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को किया कमजोर : कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 08:44 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान पर कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर और अनिरुद्ध सिंह का पलटवार
शिमला (ब्यूरो):
पूर्व भाजपा सरकार ने अपने राजनीतिक मंसूबों और निहित स्वार्थों को साधने के लिए प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया। पूर्व भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश की वित्तीय प्रबंधन की अनदेखी और फिजूलखर्ची का सीधा असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। ये आरोप कांग्रेस सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा कर्ज से संबंधित दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए जारी बयान में लगाया है। मंत्रियों ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकारों की गलत नीतियों और वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश की आर्थिक स्थिति निरंतर कमजोर होती चली गई। जारी बयान में कहा गया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित कर प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम सरकार ने कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

सत्ता सुख भोगने में ही व्यस्त रही पूर्व भाजपा सरकार
कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की देनदारियों को चुकाने के लिए कांग्रेस सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है। यदि पूर्व भाजपा सरकारों ने आर्थिक संसाधन बढ़ाने के लिए उचित कदम उठाए होते तो आज यह स्थिति नहीं होती। पूर्व भाजपा सरकार सत्ता सुख भोगने में ही व्यस्त रही। मंत्रियों ने संयुक्त बयान में कहा कि अनुराग ठाकुर को यह भी अवगत होना चाहिए कि पूर्व जयराम सरकार ने बिना बजट प्रावधान के अनेक घोषणाएं कीं। बेहतर होता कि वे घोषणाएं पूरी करने के लिए बजट का उचित प्रावधान भी करते।

डबल इंजन सरकार में कर्ज तले दबता गया हिमाचल
कैबिनेट मंत्रियों ने केंद्रीय मंत्री से पूछा है कि भाजपा की यह कैसी डबल इंजन की सरकार थी, जिसमें हिमाचल लगातार कर्ज के बोझ तले दबता गया और केंद्र सरकार आंखें मूंदे बैठी रही। क्या डबल इंजन से विकास का जुमला मात्र सुर्खियां बटोरने के लिए साधा गया था। कर्ज का राग अलापने वाली भाजपा ने गत पांच वर्षों तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सुध क्यों नहीं ली।

भाजपा की अंतर्कलह से थम गया विकास
कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि भाजपा की अंतर्कलह भी विकास और विशेष आर्थिक पैकेज के आड़े आई। पूर्व प्रदेश सरकार और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर में 5 साल तक अनबन की खबरें निरंतर सामने आती रहीं। कई मौकों पर सार्वजनिक मंच से पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री के बीच शब्दबाण चले। वर्तमान कांग्रेस सरकार को 75 हजार करोड़ रुपए का कर्ज विरासत में मिला है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व भाजपा नेताओं को केंद्र से आर्थिक पैकेज लाने में कांग्रेस सरकार की मदद करनी चाहिए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News