हिमाचल व हमीरपुर को देश की राजनीति में नई पहचान दिलाने में अनुराग ठाकुर उभरते हुए सितारे

punjabkesari.in Wednesday, Jul 07, 2021 - 10:02 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट के दूसरे विस्तार में हिमाचल और खासकर हमीरपुर जिला के लिए राजनीतिक तौर पर बहुत बड़ी उपलब्धि है। हिमाचल से संबंध रखने वाले हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर अब देश की राजनीति में उभरते हुए सितारे हैं। बुधवार को मोदी के मंत्रिमंडल में पदोन्नति के बाद अनुराग ठाकुर की कार्यशैली और मेहनत के चलते उनका हर कोई मुरीद हो चुका है। अनुराग ठाकुर के मोदी की कैबिनेट में मंत्री बनने के बाद  उनके गृह जिला हमीरपुर में दीवाली जैसा माहौल है और कार्यकर्ता अनुराग ठाकुर के कैबिनेट मंत्री बनने पर खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं।

धूमल ने घर में टीवी पर देखा बेटे अनुराग ठाकुर का शपथ समारोह

अनुराग ठाकुर के पिता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने घर समीरपुर में ही अपने बेटे अनुराग ठाकुर का शपथ समारोह टीवी पर देखा। जिला मुख्यालय में गांधी चौक पर अनुराग ठाकुर के कैबिनेट मंत्री बनने के बाद कार्यकर्ताओं ने खूब पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं। समीरपुर में भी लोग बधाई देने पहुंच रहे थे। अनुराग ठाकुर की कामयाबी से उनके पिता प्रेम कुमार धूमल व माता शीला धूमल बेहद खुश थे और अपने बेटे की कामयाबी पर गर्व महसूस कर रहे थे।  

अनुराग ठाकुर ने फिर से चमकाया हिमाचल का नाम : अत्री

हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर को मोदी कैबिनेट में दायित्व मिलने पर कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ता पटाखे चलाकर, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर व बांटकर और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, भाजपा जिंदाबाद, अनुराग ठाकुर जिंदाबाद व प्रेम कुमार धूमल जिंदाबाद के नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर के पूर्व में युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल में उनके साथ बतौर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव कार्य कर चुके नरेंद्र अत्री सहित असंख्य कार्यकर्ता उनकी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और कैबिनेट में स्थान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त कर रहे हैं। नरेंद्र अत्री ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर से हिमाचल का नाम देश की राजनीति में चमकाया है।

देश-प्रदेश के विकास में अनुराग ठाकुर का अनुभव निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका

हमीरपुर के सांसद केंद्रीय वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर की पदोन्नति पर महिला मोर्चा सुजानपुर मंडल ने खुशी जाहिर की है। भारत के नवनियुक्त केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को हार्दिक बधाई देते हुए भाजपा नेता विजय बहल, जिला परिषद अध्यक्ष बबली और महिला मोर्चा सुजानपुर की अध्यक्ष अर्चना चौहान ने कहा कि कहते हैं कर्म करो और फल मिलता है, जितना गहरा कुआं होता है, उसका उतना मीठा जल मिलता है, सही में आज यह कहावत हिमाचल के बेटे व हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने चरितार्थ कर दिखाई है। उनके नेतृत्व में भारत में लोकतांत्रिक परंपराओं व संवैधानिक मूल्यों को और बल मिलेगा तथा देश-प्रदेश के विकास में अनुराग ठाकुर का अनुभव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अनुराग के कैबिनेट मंत्री बनने से प्रदेश की जनता का बढ़ा मान : बलदेव

जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने कहा कि हिमाचल के छोकरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया है तथा उन्हें अपनी कैबिनेट में शामिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर के युवा सांसद अनुराग ठाकुर के केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनने से हमीरपुर जिला के साथ-साथ प्रदेश की जनता का भी मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अनुराग के कैबिनेट मंत्री बनने की सूचना मिलते ही लोग टीवी के पास बैठ गए और जिला एवं प्रदेश से मुझे फोन कर बधाइयां देनी शुरू कर दीं। इससे पता चलता है कि अनुराग सिंह ठाकुर की लोकप्रियता प्रदेश में कितनी है। अनुराग ठाकुर युवा वर्ग के चहेते हैं और राज्य मंत्री बनने के उपरांत उनकी परिपक्वता काफी मजबूत हो गई है। अनुराग ठाकुर मंत्री दायित्व के साथ-साथ कोरोना काल में जनसेवा में डटे रहे। उनकी इसी कार्यशैली के चलते उन्हें केंद्र में कैबिनेट मंत्री का ओहदा मिला है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News