Bilaspur: पॉलिटैक्निक के छात्र ने उठाया खाैफनाक कदम, किराए के कमरे में ऐसे दी जान...कांगड़ा का था रहने वाला

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 07:44 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत गांव कलोल में पॉलिटैक्निक कॉलेज कलोल में अध्ययनरत एक छात्र ने कथित तौर पर फंदा लगार अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गौरव (19) निवासी कच्छेहरा तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। वह पॉलिटैक्निक कॉलेज कलोल में इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सैमेस्टर का छात्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि सुभाष चंद निवासी कलोल तहसील झंडूता ने थाना तलाई में सूचना दी कि उनके रिहायशी मकान के वैकण में किराए पर रह रहा गौरव अपने क्वार्टर में मृत अवस्था में पाया गया है।

सूचना मिलते ही प्रभारी थाना तलाई पुलिस स्टाफ सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था तथा गौरव का शव छत के पंखे के लोहे के कुंडे से चादर के बनाए फंदे से लटका हुआ पाया गया। शव के नीचे एक प्लास्टिक की कुर्सी रखी हुई थी। पुलिस द्वारा मौके की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर शव को नीचे उतारा गया। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस द्वारा मकान मालिक, गवाहों तथा मृतक के पिता से पूछताछ की गई, जिन्होंने घटना को लेकर किसी प्रकार का शक व्यक्त नहीं किया। 

परिजनों का कहना है कि संभवता गौरव किसी मानसिक तनाव में था, जिस कारण उसने यह कदम उठाया हो। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमारवीं भेज दिया है। जिस पर पुलिस थाना तलाई द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। एसपीबिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News