Sirmour: यमुना के तेज बहाव से नदी में समाया पुराना पुल
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 09:28 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले में यमुना नदी के तेज बहाव ने आखिरकार पांवटा साहिब के दशकों पुराने बाता पुल को अपनी आगोश में ले लिया। सोमवार शाम पुल का मध्य हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सोमवार दोपहर को ही पुल के एक पिलर में क्षति के संकेत थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पुराने पुल पर सभी प्रकार की आवाजाही बंद कर दी थी। प्रशासन की यह सतर्कता बड़ा हादसा टालने में कारगर साबित हुई। कुछ ही देर बाद तेज बहाव के दबाव के आगे पुल का बीच वाला हिस्सा टूटकर नदी में समा गया।
यह पुल वर्षों से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों की पहचान रहा है। हालांकि समानांतर निर्मित नया बाता पुल पहले से संचालित होने के कारण हिमाचल और उत्तराखंड के बीच यातायात सामान्य बना हुआ है और लोगों को आवागमन में कोई बड़ी परेशानी नहीं आ रही है। घटना के बाद प्रशासन और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे पुराने पुल के आसपास न जाएं।

