Mandi: सुंदरनगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त सहित प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मांगा इस्तीफा
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 03:34 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुंदरनगर ने वीरवार को भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस मनाते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली और दिल्ली में विपक्षी नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में रोष मार्च निकाला तथा प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह की अध्यक्षता में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह चौक से महाराणा प्रताप चौक तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित वोट चोरी और मतदाता सूचियों में अनियमितताओं के आरोपों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाबदेही मांगने गए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ पुलिस ने अनुचित व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार पुलिस बल का प्रयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

इस पूरे घटनाक्रम की निंदा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अगुवाई में प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े उठ रहे सवालों का समाधान किया जाए और पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में हुए घटनाक्रम और चुनाव प्रक्रिया में उठ रहे सवालों की नैतिक जिम्मेदारी लें और अपने-अपने पदों से तुरंत त्यागपत्र दें।
इस रोष प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष देवेंद्र कौशल, महासचिव चुनीलाल अवस्थी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत शर्मा और युवा कांग्रेस अध्यक्ष हितेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

