Kullu: 31 मई को आएंगे ब्लॉक समिति और जिला परिषद के नतीजे, जानिए कहां होगी आपके ब्लॉक के वोटों की गिनती

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 06:10 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): कुल्लू जिले में ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों के परिणामों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने बताया कि 31 मई को जिले के विभिन्न मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

अनुराग चन्द्र शर्मा ने बताया कि मतगणना के लिए मतगणना अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। विकास खंड कुल्लू की मतगणना राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला खोरी रोपा में होगी, जहां 20 टेबल स्थापित किए जाएंगे। विकास खंड भुंतर के लिए मतगणना केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर बनाया गया है, जहां 12 टेबल लगाए जाएंगे।

 विकास खंड बंजार की मतगणना अम्बेदकर भवन बंजार में होगी तथा यहां 15 टेबल लगाए गए हैं। विकास खंड आनी की मतगणना राजकीय महाविद्यालय आनी में होगी, जहां 15 टेबल स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकास खंड निरमंड की मतगणना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरमंड में होगी तथा मतगणना के लिए 15 टेबल स्थापित किए गए हैं।

विकास खंड नग्गर की मतगणना तिब्बतियन स्कूल पतलीकूहल में होगी और इसके लिए 21 टेबल लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वैबकास्टिंग भी की जाएगी। वहीं मतगणना के लिए पर्याप्त स्टाफ के साथ-साथ रिजर्व स्टाफ की भी तैनाती की गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News